Page Loader
भिगोए बादाम बनाम सूखे बादाम: दोनों में से किसका सेवन है स्वास्थ्य के लिए ज्यादा बेहतर?

भिगोए बादाम बनाम सूखे बादाम: दोनों में से किसका सेवन है स्वास्थ्य के लिए ज्यादा बेहतर?

लेखन अंजली
Jul 31, 2020
04:01 pm

क्या है खबर?

शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में सूखे मेवों का सेवन अहम भूमिका निभाता है। इसी श्रेणी में बादाम भी शामिल है जिनका नियमित सेवन कई तरह के शारीरिक और मानसिक लाभ प्रदान करता है। लेकिन कई लोग इसी उलझन में रहते हैं कि भिगोए हुए बादाम का सेवन स्वास्थ्य के लिए ज्यादा बेहतर है या सूखे बादाम का। चलिए फिर जानते हैं कि स्वास्थ्य के लिए इन दोनों में से क्या बेहतर है।

पोषक गुण

दोनों में कितना पोषण होता है?

बादाम कई तरह के पोषक तत्वों से भरपूर होता है जो स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होते हैं। इसमें मुख्य रूप से कैल्शियम, फाइबर, आयरन, मैग्नीशियम, पोटैशियम, जिंक, विटामिन-ई और कई फैटी एसिड आदि विटामिन और मिनरल्स पाए जाते हैं। भिगोए हुए बादाम भी इन्हीं पोषक गुणों से समृद्ध होते हैं, लेकिन भिगोए हुए बादाम का सेवन शरीर को ठंडक पहुंचाने के साथ-साथ सभी पोषक गुण ठीक से देने में सक्षम है।

सूखे बादाम के फायदे

स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी हैं सूखे बादाम

1) सूखे बादाम का सेवन करने से शरीर को प्रोटीन की एक अच्छी मात्रा मिलती है जिससे मेटाबॉलिजम अच्छा रखने में मदद मिलती है। 2) इसके सेवन से पाचन को दुरुस्त बनाएं रखने में भी सहयोग मिलता है जिससे कई पेट संबंधी समस्याओं से शरीर बचा रहता है। 3) सूखे बादाम शरीर में अच्छे कोलेस्ट्रॉल की मात्रा को बढ़ाने और बुरे कोलेस्ट्रॉल के स्‍तर को कम करने में बहुत मददगार होता है जो हृदय के लिए फायदेमंद होता है।

भीगे बादाम के फायदे

भीगे हुए बादाम

1) भीगे हुए बादाम ब्‍लड प्रेशर के लिए अच्‍छे होते हैं। कई अध्ययनों के मुताबिक भिगोए हुए बादाम का सेवन करने से ब्‍लड में अल्‍फा टोकोफेरॉल की मात्रा बढ़ जाती है जो ब्लड प्रेशर को संतुलित बनाए रखने के लिए महत्‍वपूर्ण होता है। 2) भीगे हुए बादाम का सेवन करने से हृदय संबंधित कई बीमारियों से जल्द छुटकारे में भी मदद मिलती है। 3) इनका सेवन सबसे ज्यादा गर्भवती महिलाओं के लिए फायदेमंद सिद्ध होता है।

स्वास्थ्यवर्धक

भीगे बादाम और सूखे बादाम में से क्या है स्वास्थ्य के लिए बेहतर?

अब बारी आती है यह उलझन दूर करने की कि दोनों में से किसका सेवन स्वास्थ्य के लिए ज्यादा बेहतर है। अगर बादाम को रात में पानी में भिगोकर उसे सुबह खाते हैं तो यह सूखे बादाम से ज्यादा फायदेमंद होता है क्योंकि बादाम के छिलके में टैनिन होता है जो पोषक तत्‍वों के अवशोषण को रोकता है। इसके अलावा भिगोए हुए बादाम को हमेशा छीलकर खाया जाता है जिसके कारण बादाम के सभी फायदे ठीक से मिल पाते हैं।