प्रदूषण से त्वचा को सुरक्षित रखने के लिए आजमाएं ये 5 तरीके
क्या है खबर?
प्रदूषण के कारण त्वचा की सेहत पर बुरा असर पड़ता है। इसके कण त्वचा की नाजुक परतों में गहराई तक घुसकर सूजन, लालिमा, मुंहासे और समय से पहले बुढ़ापा जैसी कई समस्याएं पैदा कर सकते हैं। हालांकि, आप चाहें तो कुछ तरीकों को अपनाकर त्वचा को प्रदूषण से सुरक्षित रख सकते हैं। आइए आज हम आपको त्वचा को प्रदूषण से सुरक्षित रखने के लिए आसान और प्रभावी तरीके बताते हैं।
#1
रोजाना करें त्वचा की सफाई
प्रदूषण के प्रभाव को कम करने के लिए त्वचा को साफ रखना सबसे जरूरी है। इसके लिए दिन में दो बार चेहरे को साफ करें। सुबह और रात को सोने से पहले अपने चेहरे को अच्छे से साफ कर लें। इसके लिए आप चेहरे धोने का साबुन या फिर घरेलू नुस्खों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके बाद चेहरे को पानी से धोकर मुलायम तौलिये से सुखाएं, फिर चेहरे पर हल्का मॉइश्चराइजर लगाएं।
#2
चेहरे पर लगाएं सीरम
सीरम में ऐसे तत्व होते हैं, जो त्वचा को प्रदूषकों से लड़ने में मदद करते हैं। इसके अतिरिक्त यह त्वचा की नमी को बनाए रखने में सहायक है। लाभ के लिए अपनी त्वचा के प्रकार के अनुसार सीरम को चुनें और रोजाना इसे अपने चेहरे और गर्दन पर लगाएं। इस तरह आप प्रदूषण के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रह सकते हैं और आपकी त्वचा भी खिली-खिली नजर आएगी।
#3
त्वचा को हाइड्रेट रखना है जरूरी
हाइड्रेट त्वचा प्रदूषण के दुष्प्रभावों से बेहतर तरीके से लड़ सकती है। इसके लिए दिनभर में कम से कम 8-10 गिलास पानी का सेवन करें। इसके अतिरिक्त आप ताजे फलों का रस, नारियल पानी और हर्बल चाय का भी सेवन कर सकते हैं। साथ ही अपने आहार में तरल पदार्थों को शामिल करें ताकि आपकी त्वचा को भरपूर नमी मिल सके और वह स्वस्थ बनी रहे।
#4
सनस्क्रीन का इस्तेमाल करें
सनस्क्रीन का इस्तेमाल त्वचा को सूरज की हानिकारक किरणों से बचाने में मदद कर सकता है। इसके अतिरिक्त यह प्रदूषण के कणों को भी त्वचा में प्रवेश करने से रोकती है। लाभ के लिए रोजाना अपने चेहरे, हाथों और पैरों पर सनस्क्रीन लगाएं, फिर इसे 2-3 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद मेकअप करें या फिर कोई भी अन्य स्किन केयर रूटीन अपनाएं।
#5
एक्सफोलिएट करें
एक्सफोलिएशन से त्वचा की गंदगी और मृत त्वचा कोशिकाओं से छुटकारा मिलता है, जिससे मुंहासे जैसी समस्याओं का खतरा कम हो जाता है। इसके लिए हफ्ते में दो बार हल्के हाथों से चेहरे की सफाई करें। आप चाहें तो घरेलू स्क्रब का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। हालांकि, अगर आपकी त्वचा संवेदनशील है तो हफ्ते में एक बार ही एक्सफोलिएशन करें। इसके अतिरिक्त त्वचा को एक्सफोलिएट करने से पहले उसे साफ कर लें।