वैज्ञानिकों ने बनाया बिजली से चलने वाला अनोखा कंघा, जिससे जल्दी उगते हैं नए बाल
क्या है खबर?
जब कंघी करते हुए ढेर सारे बाल टूटकर हाथों में आ जाते हैं तो दिल बैठ-सा जाता है। हालांकि, अब वैज्ञानिकों ने इससे निपटने का एक तरीका खोज निकाला है। दरअसल, चीन के वैज्ञानिकों ने एक ऐसे कंघे का आविष्कार किया है, जो नए बाल उगाने में मदद कर सकता है। यह कंघा बिजली से चलता है और इसके जरिए नए बाल तेजी से बढ़ने लगते हैं। आइए इस आविष्कार के बारे में विस्तार से जान लेते हैं।
कंघा
कैसे काम करता है यह कंघा?
इस कंघे से जुड़े अध्ययन को 'नेचर कम्युनिकेशन' पत्रिका में प्रकाशित किया गया है। इसका नाम 'डीटैंगल' रखा गया है, जो कंघी के आकार का बायोइलेक्ट्रॉनिक उपकरण है।
इसके निर्माता बेइहांग यूनिवर्सिटी के शोधकर्ता हैं। उनके मुताबिक, इसमें इलेक्ट्रॉनिक 'दांत' लगे हैं, जिनमें अलग-अलग ऊंचाई वाले इलेक्ट्रोड और दवा लोड करने वाले मॉड्यूल शामिल हैं।
ये एक शक्तिशाली इलेक्ट्रिक फील्ड बनाते हैं, जो पारंपरिक बाहरी तरीकों की तुलना में बालों की जड़ों में 9 गुना ज्यादा गहराई तक पहुंचता है।
जांच
चूहों पर हुई इसकी जांच
अब तक इस कंघे की जांच केवल चूहों पर की गई है। यह एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया (AGA) के इलाज में मदद कर सकता है, जिसे पैटर्न हेयर लॉस के रूप में भी जाना जाता है।
यह उपकरण अलग-अलग लंबाई वाले दांतों से पल्स्ड इलेक्ट्रिक फील्ड उत्पन्न करता है। दांतों की लंबाई में अंतर एक ऐसा इलेक्ट्रिक फील्ड पैदा करता है, जो सभी दांतों को एक कतार में लगाने की स्थिति की तुलना में 2.63 गुना अधिक शक्तिशाली होता है।
नतीजे
क्या रहे इस कंघे के इस्तेमाल के नतीजे?
कंघे में लगे दांतों से निकलने वाली विद्युत तरंगें बालों की जड़ों को उत्तेजित करके बालों के विकास को बढ़ावा देती हैं। इनमें मौजूद कुछ छोटे दांतों में एक 'ड्रग-डिलीवरी सिस्टम' भी लगा है, जो औषधीयों और उत्पादों को त्वचा की गहराई तक पहुंचा सकता है।
चूहों पर किए गए प्रयोगों में सामने आया कि इस कंघे के इस्तेमाल ने प्रभावशाली परिणाम दिखाए। जिन चूहों पर डीटैंगल का इस्तेमाल हुआ, उनमें बालों की वृद्धि लगभग 40 प्रतिशत तक बढ़ गई।
परिणाम
इंसानों पर जांच बाकी
सिर्फ इलेक्ट्रिकल स्टिमुलेशन से बालों की उतनी वृद्धि नहीं हुई, जितनी उन चूहों में देखी गई, जिन्हें बालों की वृद्धि के लिए दवाइयां दी गई थीं।
इन चूहों के लगभग 50 से 70 प्रतिशत नए बाल वापस उग गए थे। सबसे अच्छे परिणाम तब मिले जब डीटैंगल को चिकित्सीय अणुओं के साथ मिलाया गया।
SRD5A2 siRNA दवा से लगभग 85 प्रतिशत और VEGFA प्लास्मिड से लगभग 90 प्रतिशत बाल बढ़े। अभी इंसानों पर इसकी जांच होना बाकी है।