सावन स्पेशल: मीठा खाने का है मन तो बनाएं ये व्यंजन, आसान है रेसिपी
क्या है खबर?
सावन के महीने में कई लोग भगवान शिव को खुश करने के लिए व्रत रखते हैं। इस दौरान वे फलाहार में कई तरह की सब्जियां और फल खाते हैं, लेकिन कई लोग व्रत में मीठा भी खाना पसंद करते हैं। अगर आप भी व्रत में मीठा खाने के शौकीन हैं तो आइए आज हम आपको कुछ ऐसे मीठे व्यंजनों की रेसिपी बताते हैं, जिन्हें घर पर कुछ ही मिनटों में बनाया जा सकता है।
#1
साबूदाना खीर
सबसे पहले एक पैन में साबूदाना डालकर इसे 15 मिनट के लिए भिगो दें, फिर पैन में दूध, चीनी और इलायची पाउडर डालकर इसे 5 मिनट तक पकाएं।
जब दूध में उबाल आ जाए तो इसमें भीगे हुए साबूदाना डालकर इसे धीमी आंच पर तब तक पकाएं जब तक कि साबूदाना पारदर्शी न हो जाए।
अब इसमें केसर और कटे हुए सूखे मेवे डालकर इसे कुछ मिनट तक पकाएं। अंत में इसे गर्मागर्म परोसें।
#2
खसखस के लड्डू
सबसे पहले एक पैन में खसखस को हल्का सुनहरा होने तक भून लें, फिर एक अलग पैन में नारियल को सूखा भूनें।
अब एक कढ़ाही में धीमी आंच पर देसी घी में बादाम, काजू और खरबूजे के बीज को भूनें। इसके बाद सभी भुनी हुई सामग्रियों को एक कटोरे में डालकर इसमें इलायची पाउडर, चीनी और थोड़ा खसखस मिलाएं, फिर इस मिश्रण को हाथ से दबाकर लड्डू बना लें और इन्हें परोसें।
#3
बादाम का हलवा
सबसे पहले बादाम को पानी में भिगोकर छोड़ दें, फिर दूध को एक पैन में डालकर उबालें और उसमें चीनी, इलायची का पाउडर और सूखे मेवे डालकर इसे धीमी आंच पर पकाएं।
अब इसमें कद्दूकस किया हुआ बादाम मिलाएं और मिश्रण को तब तक पकाएं जब तक कि यह गाढ़ा न हो जाए।
इसके बाद इसे एक थाली में फैलाकर ठंडा होने दें, फिर इसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर परोसें।
#4
केला और बादाम की खीर
सबसे पहले एक पैन में दूध को उबालें, फिर इसमें चीनी और केला डालकर इसे 5 मिनट तक पकाएं। अब इसमें काजू और बादाम डालकर इसे 2 मिनट तक पकाएं।
इसके बाद इसमें इलायची पाउडर और किशमिश डालकर इसे 2 मिनट तक पकाएं।
अंत में इस पर केसर के कुछ धागे डालें, फिर इसे गर्मागर्म परोसें। ये व्यंजन व्रत में स्वाद और ऊर्जा दोनों का आनंद देते हैं।