LOADING...
उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र के ये 5 पारंपरिक पकवान होते हैं लाजवाब, आपको भी आएंगे पसंद
कुमाऊं के 5 शाकाहारी व्यंजन

उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र के ये 5 पारंपरिक पकवान होते हैं लाजवाब, आपको भी आएंगे पसंद

लेखन सयाली
May 31, 2026
03:32 pm

क्या है खबर?

कुमाऊं भारतीय राज्य उत्तराखंड का एक खूबसूरत क्षेत्र है, जिसमें अल्मोडा, बागेश्वर, चंपावत और नैनीताल जैसी जगहें आती हैं। कुमाऊं की संस्कृति और परंपरा बहुत ही समृद्ध है और यहां के खाने भी बहुत खास हैं। यहां के शाकाहारी व्यंजन अपने अनोखे स्वाद और खुशबू के लिए मशहूर हैं। आइए आज हम आपको कुमाऊं के कुछ प्रमुख शाकाहारी व्यंजनों की रेसिपी बताते हैं, जिन्हें आप घर पर भी आसानी से बना सकते हैं।

#1

आलू के गुटके

आलू के गुटके कुमाऊं में बहुत पसंद की जाने वाली सूखी सब्जी है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले आलू को उबालकर छील लें। इसके बाद एक पैन में सरसों का तेल गर्म करें और उसमें हींग, जीरा, साबुत लाल मिर्च और दरदरा कुटा हुआ धनिया-जीरा भूनें। अब इसमें अदरक, हरी मिर्च, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालें। इसमें कटे हुए आलू डालें और नींबू का रस और धनिया डालकर परोसें।

#2

भांग की चटनी

भांग की चटनी भी कुमाऊनी खाने में अहम स्थान रखती है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में भांग के बीज को सूखा भून लें। इन्हें एक थाली में निकालकर ठंडा होने के लिए रख दें। अब मिक्सी में भुने हुए भांग के बीज डालकर पीस लें, ताकि वे बारीक हो जाएं। इसमें धनिया, पुदीना, हरी मिर्च, लहसुन, नमक और थोड़ा पानी डालकर दोबारा पीसें। इसमें नींबू का रस मिलाकर सेवन करें।

Advertisement

#3

भट्ट की दाल

भट्ट की दाल कुमाऊं का एक पारंपरिक खाना है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले भट्ट यानी काले सोयाबीन को रातभर पानी में भिगोकर रख दें, फिर सुबह इन्हें पीसकर पेस्ट बना लें। अब एक पैन में तेल गर्म करें और उसमें जीरा, हींग, अदरक-लहसुन पेस्ट, हरी मिर्च डालकर भूनें। इसके बाद इसमें पेस्ट वाला भट्ट डालें और पानी मिलाकर पकाएं। अंत में नमक, हल्दी, धनिया पाउडर मिलाकर कुछ मिनट पकाएं। आपकी भट्ट की दाल तैयार है।

Advertisement

#4

कुमाऊनी रायता

कुमाऊनी रायता एक बेहतरीन साइड डिश है, जो हर भोजन का स्वाद बढ़ा सकता है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले पहाड़ी खीरे को छीलकर कद्दूकस कर लें। अब एक बर्तन में ताजा दही फेंट लें और उसमें खीरा मिला दें। इसमें लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, जीरा पाउडर, धनिया पाउडर और नमक जैसे मसाले मिलाएं। अंत में इसमें सरसों के तेल से राई, हींग और मिर्च का तड़का लगाकर परोसें।

#5

काफूली

काफूली कुमाऊं की एक पालक वाली सब्जी है, जो फाइबर से भरपूर होती है। इसे बनाने के लिए मुख्य रूप से पालक, मेथी, सरसों का तेल, लहसुन, अदरक, हरी मिर्च और मसालों का प्रयोग किया जाता है। इसे गाढ़ा और क्रीमी बनाने के लिए चावल के आटे या बेसन के पेस्ट का इस्तेमाल किया जाता है। हरी पत्तेदार सब्जियों से भरपूर होने के कारण यह आयरन, कैल्शियम और विटामिन का बेहतरीन स्रोत है।

Advertisement