बचा हुआ खाना दोबारा गर्म करते समय न करें ये गलतियां, हो सकता है नुकसान
क्या है खबर?
अधिकतर लोग बचे हुए खाने को दोबारा गर्म करते हैं, ताकि यह खाने में स्वादिष्ट लगे और इसे आसानी से खाया जा सके। हालांकि, बचा हुआ खाना दोबारा गर्म करते समय कुछ गलतियां हो हैं, जो खाने के पोषण को कम कर सकती हैं। आइए आज हम आपको ऐसी ही गलतियों के बारे में बताते हैं, जिनसे आपको बचना चाहिए, ताकि आप सुरक्षित तरीके से बचे हुए खाने का आनंद ले सकें।
#1
माइक्रोवेव में एक साथ सारा खाना गर्म करना
अगर आप बचे हुए खाने को गर्म करने के लिए माइक्रोवेव का इस्तेमाल करते हैं तो एक साथ कई सारे खाने को गर्म करने से बचें। दरअसल, एक साथ कई चीजें गर्म करने से यह संभव है कि कुछ चीजें गर्म हो जाएं और कुछ ठीक से न हो पाएं। इसके अलावा एक ही समय में अलग-अलग प्रकार के भोजन को गर्म करने से उनके स्वाद और पोषक तत्व भी प्रभावित हो सकते हैं।
#2
बचे हुए खाने को ठंडा करने के बाद दोबारा गर्म करना
बचे हुए खाने को ठंडा करने के बाद दोबारा गर्म करने से पहले उस पर ध्यान दें। अगर खाना खट्टा लग रहा है या उसमें कोई बदलाव नजर आ रहा है तो उसे न खाएं। इसके अलावा अगर बचे हुए खाने को ठंडा किए हुए कुछ दिन हो गए हैं तो उसे दोबारा गर्म करने से बचें, क्योंकि ऐसे खाने से पेट खराब होने का खतरा बढ़ सकता है।
#3
बचे हुए खाने को ज्यादा गर्म करना
खाने को दोबारा गर्म करने का मतलब यह नहीं है कि आप उसे अधिक गर्म कर दें। खाने को अधिक गर्म करने से उसके पोषक तत्व खत्म हो जाते हैं और यह सेहत के लिए हानिकारक भी हो सकता है। इसलिए, हमेशा खाने को गर्म करते समय इस बात का ध्यान रखें कि वह अधिक गर्म न हो। साथ ही बचा हुआ खाना गर्म करने के लिए माइक्रोवेव का इस्तेमाल करते समय मध्यम पावर का ही इस्तेमाल करें।
#4
गलत तरीका अपनाना
बचे हुए खाने को दोबारा गर्म करने के लिए आप ओवन या स्टोवटॉप का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। हालांकि, इनका इस्तेमाल करते समय इनकी अधिकतम गर्म होने की सीमा का ध्यान रखें। इसके अलावा बचे हुए खाने को दोबारा गर्म करने के लिए ज्यादा तेल का इस्तेमाल न करें, क्योंकि इससे खाने का स्वाद और पोषक तत्व प्रभावित हो सकते हैं। खाने को सुरक्षित रखने के लिए सही तरीके से स्टोर करना भी जरूरी है।