घर पर आसानी से बनाए जा सकते हैं ये 5 पेय, स्वास्थ्य के लिए है बेहतर
क्या है खबर?
गर्मियों के दौरान शरीर को हाइड्रेट रखना बहुत जरूरी है। इसके लिए आप बाजार से कई प्रकार के पेय खरीद सकते हैं, लेकिन उनमें मौजूद अप्राकृतिक रंग और स्वाद स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसे में बेहतर है कि आप घर पर ही कुछ स्वास्थ्यवर्धक पेय बनाकर उनका सेवन करें। आइए आज हम आपको पांच ऐसे पेय की रेसिपी बताते हैं, जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद हैं।
#1
खीरे का ठंडा पेय
सबसे पहले खीरे को धोकर छिलें और इसे छोटे टुकड़ों में काट लें, फिर खीरे के टुकड़ों को पानी में डालकर एक घंटे के लिए ठंडा करें। एक घंटे बाद खीरे के टुकड़ों को पानी से निकालकर एक मिक्सर जार में पुदीने की पत्तियों, नींबू के रस, काले नमक, शहद और बर्फ के टुकड़ों के साथ डालें और पीसें। अब इस मिश्रण को छानकर गिलास में डालें और इसमें सोडा मिलाकर इसे परोसें।
#2
पुदीने की छाछ
सबसे पहले एक मिक्सर में दही, पुदीने की पत्तियां, काला नमक, भुना जीरा पाउडर, हींग और जीरा पाउडर डालकर अच्छी तरह से पीस लें। अब एक गिलास में बर्फ के टुकड़े डालें और इसमें तैयार किया हुआ मिश्रण डालकर ठंडी-ठंडी छाछ परोसें। सेहत के लिए इस पेय को दोपहर के भोजन के साथ या भोजन के बाद पिएं। यह पेय न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि पाचन को सही रखने में भी मदद करता है।
#3
आम की लस्सी
सबसे पहले आम को धोकर छिलें और इसके गूदे को टुकड़ों में काटकर मिक्सर के जार में दही, चीनी, इलायची पाउडर, ठंडा पानी और बर्फ के टुकड़े के साथ डालें, फिर इस मिश्रण को अच्छे से पीसकर गिलास में डालें। अब आम की लस्सी पर कटे हुए सूखे मेवे और केसर के धागे डालकर इसे परोसें। यह स्वादिष्ट लस्सी गर्मियों के दौरान तरोताजा रखने में मदद कर सकती है।
#4
नारियल पानी और अनार का पेय
इसके लिए सबसे पहले नारियल पानी और अनार के रस को बराबर मात्रा में मिलाएं, फिर इसमें नींबू का रस, काला नमक और शहद मिलाएं। अब इस पेय को गिलास में डालकर इसके ऊपर पुदीने की पत्ती से सजाकर परोसें। यह पेय गर्मियों में शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ-साथ ऊर्जा देने में भी मदद कर सकता है।
#5
आम पन्ना
सबसे पहले कच्चे आम को धोकर छोटे टुकड़ों में काटें और प्रेशर कुकर में पानी, हल्दी, पिसी चीनी और काला नमक के साथ डालें, फिर इसे 3 सीटी आने के बाद गैस बंद कर दें। जब मिश्रण ठंडा हो जाए तो आम के मिश्रण को मिक्सर में पीसें। अब इसमें भुना जीरा पाउडर और पुदीने की पत्तियां डालकर इसे अच्छे से मिलाएं। अंत में इस पेय को ठंडा करके परोसें।