प्रधानमंत्री मोदी ने 5 देशों की यात्रा के दौरान नेताओं को भेंट किए ये देसी चावल
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में संयुक्त अरब अमीरात (UAE), नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की अपनी 5 देशों की यात्रा पूरी की। सभी देशों के नेताओं से मिलते समय उन्होंने उन्हें कुछ देसी तोहफे दिए, जो एक नेक कदम से कई बढ़कर था। उन्होंने विश्व नेताओं को सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण कई प्रकार के खाद्य पदार्थ भेंट किए, जिनमें चावल मुख्य रहे। आइए जानें मोदी ने नेताओं को कौन-कौन से भारतीय चावल तोहफे में दिए।
#1
गोविंदभोग चावल
प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) के महानिदेशक डॉ क्वू डोंग्यू को भारत के सर्वश्रेष्ठ अनाजों से भरी एक टोकरी भेंट की थी। इसमें गोविंदभोग चावल भी शामिल थे। ये पश्चिम बंगाल और बिहार में उगाया जाने वाला चावल है, जिसके दाने छोटे होते हैं और सुगंध अच्छी होती है। यह चावल आमतौर पर त्योहारों वाले व्यंजन बनाने और धार्मिक अनुष्ठानों में प्रसाद के रूप में उपयोग किया जाता है।
#2
पलक्कडन मट्टा चावल
अनाजों की टोकरी में पलक्कडन मट्टा चावल भी रखे गए थे, जिन्हें लाल चावल भी कहा जाता है। यह चावल केरलम में उगाया जाता है और सेहत के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है। इसका रंग प्राकृतिक रूप से लाल होता है और सुगंध भी अच्छी होती है। यह अपनी उच्च पोषण क्षमता और GI टैग होने के कारण काफी पसंद किया जाता है। इसे लोग अक्सर केरलम की पारंपरिक सब्जियों के साथ खाना पसंद करते हैं।
#3
कालानमक चावल
मोदी ने विश्व नेताओं को कालानमक चावल भी भेंट किया, जो उत्तर प्रदेश में उगाया जाने वाला खास चावल है। इसे लोग बुद्धा चावल नाम से भी जानते हैं। इस चावल की खासियत इसकी अनूठी सुगंध, काले छिलके और मुलायम बनावट हैं। इस चावल में आयरन और एंटीऑक्सीडेंट की मात्रा अधिक होती है, जिसके चलते इसे खाना स्वास्थ्य के लिए बहुत फायदेमंद साबित हो सकता है। इसे भी GI टैग मिला हुआ है।
#4
जोहा चावल
ब्रह्मपुत्र घाटी में उगाया जाने वाला असम का जोहा चावल भी इस सूची में खास अहमियत रखता है। 'जोहा' एक असमिया शब्द है, जिसका मतलब ही 'सुगंधित' होता है। इससे ही आप जान गए होंगे कि यह चावल अपनी खुशबु की वजह से मशहूर है। इसके दाने छोटे होते हैं और इसे आम तौर पर पारंपरिक असमिया व्यंजन बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। इसे स्थानीय लोग मी जाहा नाम से भी जानते हैं।
#5
बासमती चावल
हम में से ज्यादातर लोग रोजमर्रा के खान-पान में बासमती चावल का इस्तेमाल करते हैं। यह चावल एक शाही और लंबे दाने वाला सुगंधित विकल्प है। इसे पकाने के बाद भी इसके लंबे दाने मुलायम, खिले-खिले और फूले-फूले रहते हैं। इसे लोग पुलाव, बिरयानी और खीर आदि बनाने के लिए ज्यादा इस्तेमाल करते हैं। इन सभी चावल का स्वाद बेहतरीन होता है और ये कई तरह के स्वास्थ्य लाभों से भी समृद्ध होते हैं।