मूंगफली बनाम पॉपकॉर्न: ब्लड शुगर के लिए इनमें से कौन-सा स्नैक है बेहतर?
क्या है खबर?
मूंगफली और पॉपकॉर्न, दोनों ही स्नैक के रूप में काफी लोकप्रिय हैं। इनका सेवन लोग आमतौर पर शाम की चाय या फिर फिल्म देखते समय करते हैं। हालांकि, इनका पोषण मूल्य और सेहत पर प्रभाव अलग-अलग होता है। खासतौर से मधुमेह के मरीजों के लिए इनका चयन करना थोड़ा मुश्किल हो सकता है। आइए आज हम आपको दोनों के पोषक तत्वों के बारे में विस्तार से बताते हैं, जिससे आप अपने लिए सही विकल्प चुन सकें।
मूंगफली
मूंगफली के पोषक तत्व
मूंगफली प्रोटीन, फाइबर, स्वस्थ वसा और विटामिन-E का अच्छा स्रोत है। 100 ग्राम भुनी हुई मूंगफली में लगभग 552 कैलोरी, 25 ग्राम प्रोटीन, 16 ग्राम कार्बोहाइड्रेट और 44 ग्राम वसा होती है।
इसके अलावा इसमें मैग्नीशियम, फास्फोरस और पोटेशियम जैसे खनिज भी होते हैं। मूंगफली का सेवन दिल की सेहत, मस्तिष्क के विकास और त्वचा की देखभाल के लिए फायदेमंद हो सकता है।
हालांकि, इसका ज्यादा सेवन वजन बढ़ाने का कारण बन सकता है।
पॉपकॉर्न
पॉपकॉर्न के पोषक तत्व
पॉपकॉर्न फाइबर का एक बेहतरीन स्रोत है। 100 ग्राम पॉपकॉर्न में लगभग 382 कैलोरी, 13 ग्राम प्रोटीन, 78 ग्राम कार्बोहाइड्रेट और 4 ग्राम वसा होती है।
इसके अलावा इसमें आयरन, मैग्नीशियम, फास्फोरस और पोटेशियम जैसे खनिज भी होते हैं। पॉपकॉर्न का सेवन पाचन क्रिया को स्वस्थ रखने, वजन को नियंत्रित करने और दिल की बीमारियों को दूर रखने में मदद कर सकता है।
हालांकि, मक्खन और नमक का ज्यादा उपयोग इसे सेहत के लिए नुकसानदायक बना सकता है।
ग्लाइसेमिक
मूंगफली का ग्लाइसेमिक इंडेक्स
मूंगफली का ग्लाइसेमिक इंडेक्स (GI) 14 होता है, जो इसे कम GI वाले खाने की श्रेणी में शामिल करता है। GI मापने का एक तरीका है, जिससे पता लगता है कि खाने के बाद ब्लड शुगर का स्तर कितना बढ़ता है।
बता दें कि कम GI वाले खाद्य पदार्थ मधुमेह के मरीजों के लिए फायदेमंद होते हैं, क्योंकि ये ब्लड शुगर के स्तर को धीरे-धीरे बढ़ाते हैं, जिससे ब्लड शुगर को नियंत्रित करना आसान हो जाता है।
पॉपकॉर्न
पॉपकॉर्न का ग्लाइसेमिक इंडेक्स
पॉपकॉर्न का GI 55 होता है, जो इसे मध्यम GI वाले खाने की श्रेणी में शामिल करता है। मध्यम GI वाले खाद्य पदार्थ ब्लड शुगर के स्तर को धीरे से बढ़ाते हैं और लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराते हैं।
हालांकि, अगर पॉपकॉर्न में मक्खन, नमक या अन्य अप्राकृतिक तत्व मिलाए जाएं तो इनका GI बढ़ सकता है और ये सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं।
ऐसे में इनकी मात्रा कम ही रखें।
चयन
ब्लड शुगर के लिए कौन-सा स्नैक है बेहतर?
अगर आप ब्लड शुगर के स्तर को नियंत्रित रखने के लिए इनमें से किसी एक का चयन करना चाहते हैं तो मूंगफली को चुनना फायदेमंद हो सकता है।
यह कम कैलोरी और कम कार्ब्स के साथ एक सेहतमंद स्नैक है। हालांकि, इसे सीमित मात्रा में ही खाएं, क्योंकि ज्यादा सेवन वजन बढ़ाने का कारण बन सकता है।
दूसरी ओर, पॉपकॉर्न को मक्खन और नमक के बिना चुनें। इस तरह से दोनों का सही तरीके से सेवन किया जा सकता है।