संतरे का जूस बनाम ग्रीन टी: जानिए नाश्ते में किसका सेवन करना है ज्यादा बेहतर
दिन की शुरूआत में जो खाते हैं वह पोषक तत्वों के अवशोषण और वजन प्रबंधन में एक बड़ी भूमिका निभा सकता है। हालांकि, इसके लिए प्रोटीन, फाइबर, कॉम्प्लेक्स कार्ब्स और अन्य खनिजों से भरपूर चीजों का सेवन करना लाभदायक है। वैसे कई लोग सुबह के नाश्ते में ग्रीन टी लेना पसंद करते हैं, वहीं कुछ संतरे के जूस का सेवन करना सही समझते हैं। आइए जानते हैं कि नाश्ते में इन दोनों में से किसका सेवन करना ज्यादा बेहतर है।
संतरे के जूस के फायदे
संतरे का जूस विटामिन-C, फोलेट और पोटेशियम का एक बेहतरीन स्त्रोत है, जिस वजह से इससे दिन की शुरूआत करना अच्छा है। यह सूजन को कम करने, विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने, ब्लड शुगर के स्तर को संतुलित करने और गुर्दे की पथरी से सुरक्षित रखने में मदद कर सकता है। इसके अतिरिक्त इस जूस में मौजूद विटामिन-C ब्लड प्रेशर, हार्ट-अटैक और स्ट्रोक जैसी हृदय रोग के जोखिम को कम करने में मदद कर सकते हैं।
संतरे के जूस का सेवन करना किन लोगों के लिए सही है?
अगर आप शारीरिक रूप से सक्रिय हैं और खेल गतिविधियों में शामिल हैं तो आप हाइड्रेटिंग पेय के रूप में संतरे का जूस पी सकते हैं। हालांकि, अगर आपको एसिडिटी, जलन, त्वचा रोग, रक्तस्राव विकार और पित्त विकार हैं तो खट्टे फलों का परहेज करना सबसे अच्छा है। वे लोग डॉक्टरी सलाह के बाद ग्रीन टी का सेवन कर सकते हैं क्योंकि यह भी स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है।
ग्रीन टी के सेवन से मिलने वाले फायदे
ग्रीन टी EGCG नामक एक खास एंटी-ऑक्सीडेंट गुण से समृद्ध होती है, जो हृदय रोगों से लड़ता है। यह गुण शरीर को डिटॉक्स करने में भी मदद करता है और त्वचा को चमकदार बनाकर त्वचा संबंधी विकारों को दूर करता है। ग्रीन टी मेटाबॉलिज्म को भी बढ़ाती है और इससे प्रतिरक्षा प्रणाली भी बढ़ती है। इसके अलावा ग्रीन टी कम एसिडिक होती है। यहां जानिए ग्रीन टी के अन्य फायदे।
सुबह के समय दोनों पेय में से किसका सेवन स्वास्थ्य के लिए है ज्यादा लाभदायक?
सुबह के समय दोनों पेय में से किसी एक का चयन करना आपका व्यक्तिगत फैसला होना चाहिए। जहां ग्रीन टी वजन घटाने में मदद कर सकती है, वहीं संतरे का जूस भरपूर ऊर्जा के साथ ब्लड शुगर के स्तर को संतुलित कर सकता है। हालांकि, आयुर्वेद में ग्रीन टी का सेवन भोजन के बाद करना ज्यादा सही माना जाता है। इसलिए नाश्ते के लिए संतरे के जूस का सेवन ज्यादा अच्छा है।