पोषक तत्वों से भरपूर मिक्स मिलेट खिचड़ी को बनाना है आसान, जानिए रेसिपी
क्या है खबर?
खिचड़ी एक ऐसा व्यंजन है, जिसे कई लोग घर का आरामदायक खाना मानते हैं। आमतौर पर लोग इसे सफेद चावल और मूंग दाल से बनाते हैं, लेकिन अगर आप इसमें पोषक तत्वों की भरपूरता बढ़ाना चाहते हैं तो मिक्स मिलेट खिचड़ी आजमा सकते हैं। यह स्वादिष्ट और पौष्टिक विकल्प है, जिससे आपके खाने का स्वाद और पोषण दोनों बढ़ जाएंगे। आइए मिक्स मिलेट खिचड़ी की रेसिपी जानते हैं।
सामग्री
मिक्स मिलेट खिचड़ी के लिए जरूरी चीजें
मिक्स मिलेट खिचड़ी बनाने के लिए आपको इन चीजों की जरूरत होगी, जैसे एक चौथाई कप रागी, एक चौथाई कप बाजरा, एक चौथाई कप ज्वार, एक चौथाई कप मूंग दाल, एक चौथाई छोटी चम्मच हल्दी पाउडर, नमक (स्वादानुसार), एक चौथाई छोटी चम्मच जीरा, दो बड़ी चम्मच देसी घी और एक प्याज (बारीक कटी हुई), एक टमाटर (बारीक कटा हुआ), एक हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)।
स्टेप-1
मिक्स मिलेट खिचड़ी बनाने का तरीका
सबसे पहले रागी, बाजरा और ज्वार को पानी में भिगोकर 5-6 घंटे के लिए छोड़ दें।
अगर आपके पास मिक्स मिलेट नहीं है तो आप इन अनाजों की जगह कोई भी मिलेट ले सकते हैं।
इसके बाद सभी मिलेट को पानी से निकालकर एक कटोरे में रखें, फिर इन्हें एक मिक्सी के जार में डालकर दरदरा पीस लें। ध्यान रखें कि मिश्रण ज्यादा बारीक न हो।
स्टेप-2
मिक्स मिलेट खिचड़ी बनाने का दूसरा स्टेप
अब एक कढ़ाई में देसी घी गर्म करके उसमें जीरा भूनें, फिर इसमें प्याज, टमाटर और हरी मिर्च डालकर हल्का भूरा होने तक भूनें। इसके बाद इसमें हल्दी पाउडर और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
अब इसमें पीसे हुए मिक्स मिलेट और मूंग दाल डालें। इसके बाद इस मिश्रण को 5 मिनट तक पकाएं, फिर इसमें पानी डालें और मध्यम आंच पर इसे 15 मिनट तक पकने दें। इस तरह आपकी खिचड़ी तैयार हो जाएगी।
स्टेप-3
मिक्स मिलेट खिचड़ी को ऐसे करें परोसें
जब आपको लगे कि खिचड़ी पूरी तरह से पक गई है तो इसे एक प्लेट में निकालें और ऊपर से घी डालकर गर्मागर्म परोसें। आप चाहें तो इसे दही, अचार या फिर सलाद के साथ भी परोस सकते हैं।
यह खिचड़ी न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि सेहत के लिए भी अच्छी है। इसे खाने से आपको भरपूर ऊर्जा मिलेगी और यह आपके पाचन तंत्र को भी ठीक रखेगी।
फायदे
मिक्स मिलेट खिचड़ी के फायदे
यह खिचड़ी कई पोषक तत्वों से भरपूर है। इसमें फाइबर की मात्रा अधिक होती है, जो पाचन तंत्र को ठीक रखता है। इसके अलावा यह वजन नियंत्रित करने में भी मदद करती है। इसमें मौजूद अनाज विटामिन्स और मिनरल्स से भरपूर होते हैं, जो शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं।
इसके अलावा यह खिचड़ी शरीर को ऊर्जा देती है और आपको लंबे समय तक संतुष्ट रखती है। इसे बनाना भी आसान है और यह स्वादिष्ट है।