LOADING...
शादी से कम हो सकता है कैंसर का खतरा, अध्ययन में हुआ खुलासा
शादी से कैंसर का खतरा होता है कम

शादी से कम हो सकता है कैंसर का खतरा, अध्ययन में हुआ खुलासा

लेखन अंजली
Apr 09, 2026
03:34 pm

क्या है खबर?

कैंसर एक घातक बीमारी है, जिसका समय रहते इलाज न कराया जाए तो व्यक्ति की मृत्यु तक हो सकती है। आमतौर पर डॉक्टर इस बीमारी से सुरक्षित रहने के लिए खान-पान से लेकर जीवनशैली में बदलाव करने की सलाह देते हैं, लेकिन एक नए अध्ययन ने कैंसर से बचाव के लिए एक अनोखी बात सामने लाई है। इस अध्ययन के मुताबिक, शादी करने से कैंसर का खतरा कम हो सकता है। आइए इस अध्ययन के बारे में विस्तार से जानें।

अध्ययन

अविवाहित लोगों में विवाहित लोगों की तुलना में कैंसर की दर अधिक आई सामने

कैंसर रिसर्च कम्युनिकेशंस में प्रकाशित इस अध्ययन से पता चला है कि शादी करना सिर्फ भावनात्मक साथ से कहीं अधिक लाभ दे सकता है। इससे यह सामने आया है कि अविवाहित लोगों में विवाहित लोगों की तुलना में कैंसर की दर काफी अधिक हो सकती है। अध्ययन के अनुसार, अविवाहित पुरुषों में कैंसर का जोखिम 68 प्रतिशत अधिक होता है, जबकि अविवाहित महिलाओं में विवाहित, तलाकशुदा या विधवा महिलाओं की तुलना में यह जोखिम 83 प्रतिशत बढ़ जाता है।

महिलाएं

महिलाओं को शादी से मिल सकती है अधिक सुरक्षा- अध्ययन

इस अध्ययन को लेकर वर्जीनिया विश्वविद्यालय में प्रोफेसर डॉक्टर ब्रैड विलकॉक्स मे कहा, "यह बात चौंकाने वाली है कि कैंसर के मामले में महिलाओं को शादी से अधिक सुरक्षा मिल सकती है।" अध्ययन के लेखकों का कहना है कि वैवाहिक कपल्स साथ में रहते हैं, जिससे उनका एक-दूसरे के स्वास्थ्य पर अधिक ध्यान होता है और बीमार पड़ने पर वे स्वास्थ्य जांच को नजरअंदाज करने की बजाय उसे प्राथमिकता देते हैं।

Advertisement

प्रोत्साहन

विवाहित लोगों को मिलता रहता है स्वास्थ्य जांच का प्रोत्साहन

वैज्ञानिकों के अनुसार, अध्ययन से एक प्रमुख कारक यह सामने आया है कि विवाहित लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच, कैंसर स्क्रीनिंग और प्रारंभिक उपचार के लिए प्रोत्साहित करने वाला कोई न कोई मिलने की संभावना अधिक होती है। वहीं अध्ययन के प्रमुख लेखक पाउलो एस. पिनहेरो ने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि अविवाहित व्यक्ति सामाजिक रूप से अधिक अलग-थलग हो जाते हैं, जिससे उनकी देखभाल के लिए उनके पास किसी के होने की संभावना कम होती है।

Advertisement

बयान

पुरुषों को विवाह से सबसे अधिक लाभ- अध्ययन

अध्ययन में यह भी पाया गया कि पुरुषों को विवाह से सबसे अधिक लाभ होता है, जो पारिवारिक सहायता प्रणालियों के महत्व को उजागर करता है। वैज्ञानिकों ने कहा, "इस अध्ययन से जीवनसाथी की देखभाल में मजबूत भूमिका सामने आई है, जो किसी भी बीमारी के तुरंत निदान और नियमित देखभाल को प्रोत्साहित करते हैं।" वैज्ञानिकों ने यह भी कहा कि इस अध्ययन ने विवाह से ज्यादा इस बात को उजागर किया है कि सामाजिक सहयोग जरूरी है।

Advertisement