जल्दी और आसानी से बनाकर खा सकते हैं मेपल सिनामन ओट्स, जानिए इसकी रेसिपी
क्या है खबर?
सुबह का नाश्ता दिन की सबसे जरूरी मील है, जिसे पोषक तत्वों से भरपूर होना चाहिए ताकि पूरे दिन ऊर्जा मिल सके। अगर आप सुबह के समय कुछ ऐसा खोज रहे हैं, जो जल्दी बन जाए और स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहतमंद भी हो तो मेपल सिनामन ओट्स एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। आइए आज हम आपको मेपल सिनामन ओट्स की रेसिपी बताते हैं, जिसे 10 मिनट से भी कम समय में तैयार किया जा सकता है।
सामग्री
मेपल सिनामन ओट्स बनाने के लिए जरूरी सामाग्रियां
एक कप ओट्स, दो कप बादाम का दूध, एक बड़ी चम्मच मेपल सिरप, एक छोटी चम्मच दालचीनी पाउडर, आधी छोटी चम्मच इलायची पाउडर, एक बड़ी चम्मच सूखे मेवे (बादाम, काजू, पिस्ता, किशमिश और खुबानी), एक छोटी चम्मच मक्खन, थोड़ा नमक (स्वादानुसार) और ताजे फल जैसे केला या सेब (वैकल्पिक)
आप चाहें तो सामग्रियों की मात्रा को अपने घर के लोगों के अनुसार कम या ज्यादा कर सकते हैं।
रेसिपी
मेपल सिनामन ओट्स बनाने का तरीका
सबसे पहले एक पैन में बादाम का दूध, ओट्स, मेपल सिरप, दालचीनी पाउडर, इलायची पाउडर और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब इस मिश्रण को धीमी आंच पर 5-7 मिनट तक पकाएं, जब तक कि ओट्स गाढ़ा न हो जाए। इसके बाद गैस बंद करके ओट्स को एक कटोरे में डालें और ऊपर से सूखे मेवे और ताजे फल डालकर गर्मागर्म परोसें। यह नाश्ता आपके दिन की स्वादिष्ट शुरुआत के लिए तैयार है।
फायदे
मेपल सिनामन ओट्स के फायदे
यह नाश्ता आपके दिन की शुरुआत करने का एक बेहतरीन तरीका हो सकता है क्योंकि यह फाइबर, प्रोटीन और जरूरी विटामिन और खनिजों से भरपूर होता है।
ओट्स पाचन को सुधारता है और लंबे समय तक पेट को भरा हुआ महसूस कराता है, जिससे आप बीच-बीच में कुछ खाने से बच सकते हैं।
इसके अतिरिक्त यह संयोजन ब्लड शुगर के स्तर को स्थिर रखने में भी मदद कर सकता है और आपको ऊर्जावान बनाए रख सकता है।
विकल्प
अन्य नाश्ते के विकल्प
ओट्स नाश्ते के लिए एक अच्छा विकल्प हो सकता है, लेकिन अगर आप रोजाना एक ही तरह का नाश्ता खाकर बोर हो जाते हैं तो आप इसके कई अन्य विकल्प भी आजमा सकते हैं।
उदाहरण के लिए आप नारियल का पानी, केले और बादाम का दूध मिलाकर ओट्स बना सकते हैं।
इसके अतिरिक्त आप ओट्स के साथ मूंगफली का मक्खन और केले का भी संयोजन बना सकते हैं।