Page Loader
आम के मौसम में नहीं बनाया यह लजीज चीजकेक तो होगा पछतावा, जानिए आसान रेसिपी

आम के मौसम में नहीं बनाया यह लजीज चीजकेक तो होगा पछतावा, जानिए आसान रेसिपी

लेखन सयाली
May 09, 2025
07:05 pm

क्या है खबर?

आम को केवल फलों का राजा ही नहीं, बल्कि गर्मी के मौसम का पर्याय भी कहा जाता है। इस फल का स्वाद बेहद मीठा होता है और इसके सेवन से विटामिन, मिनरल और फाइबर जैसे तमाम पोषक तत्व मिलते हैं। लोग इससे लस्सी, शेक, आम रस और मिठाइयों जैसे कई व्यंजन बनाते हैं। हालांकि, आम से बनने वाला चीजकेक मुंह में स्वाद का विस्फोट कर देता है। आइए इसकी आसान रेसिपी जानते हैं।

सामग्री

आम का चीजकेक बनाने के लिए आवश्यक सामग्री

चीजकेक एक तरह का मीठा व्यंजन होता है, जिसका निचला भाग कुरकुरा और ऊपरी भाग मलाईदार होता है। इसके कुरकुरे हिस्से को बनाने के लिए आपको 14 से 15 डाइजेस्टिव बिस्कुट, मक्खन, 2 से 3 चम्मच शहद और आधा चम्मच इलायची पाउडर चाहिए होगा। इसके बाद क्रीम बनाई जाएगी, जिसके लिए आपको 3 आम, 200 ग्राम क्रीम चीज, 200 मिली मलाई, एक चम्मच वेनिला के अर्क, आधा कप चीनी और पिस्ता की जरूरत पड़ेगी।

स्टेप 1

इस तरह बनाएं चीजकेक की कुरकुरी लेयर

चीजकेक की कुरकुरी लेयर तैयार करने के लिए एक कटोरे में सारे बिस्कुट निकाल लें। अब कुटनी या बेलन की मदद से उन्हें तोड़ लें और उनका चूरा बना लें। आप बिस्कुट का चूरा बनाने के लिए मिक्सर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। अब एक कटोरे में मक्खन पिघलाकर बिस्कुट के चूरे पर डालकर मिला लें। अंत में इसमें इलायची पाउडर और शहद मिलाएं और केक टिन में इसकी पतली लेयर बिछाकर फ्रिज में सेट होने दें।

स्टेप 2

ऐसे बनेगी चीजकेक की क्रीम चीज

चीजकेक का सबसे स्वादिष्ट हिस्सा उसकी मलाईदार क्रीम होती है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले आम को धोकर छील लें और मिक्सर की मदद से उसकी पियूरी बना लें। एक अन्य कटोरे में मलाई, क्रीम चीज, वेनिला के अर्क और चीनी को मिलाना शुरू करें। जब यह मिश्रण मलाईदार हो जाए तब इसमें आम की पियूरी मिला दें। अगर आप अपने चीजकेक को जेलेटिन जैसी बनावट देना चाहते हैं तो उसमें अगार-अगार मिला दें।

स्टेप 3

इस तरह से दें अपने चीजकेक को रूप

एक बार जब आपकी क्रीम तैयार हो जाए तो उसे बिस्कुट वाले मिश्रण में डाल दें। केक टिन को हल्के से टेबल पर थपथपाएं, ताकि क्रीम बराबर हो जाए। इसके बाद आम के चीजकेक को फ्रीजर में रख दें, ताकि वह अच्छी तरह सेट हो जाए। कुछ देर बाद उसे फ्रीजर से निकालें और उसपर आम के टुकड़े लगा दें। ऊपर से पिस्ता भी डाल दें, ताकि चीजकेक देखने में भी बेहद सुंदर लगे।