गर्मियों के दौरान बनाएं ये खास तरह के फ्रोजन डेजर्ट, सभी को आएंगे पसंद
क्या है खबर?
गर्मियों के दौरान फ्रोजन डेजर्ट खाने से शरीर को ठंडक मिलती है। इनको बनाने के लिए कई तरह की सामग्रियों का इस्तेमाल किया जा सकता है। जी हां, बर्फी, रबड़ी, गुलाब जामुन और आइसक्रीम जैसी सामग्रियों के अलावा भी कई अन्य सामग्रियों से फ्रोजन डेजर्ट को बनाया जा सकता है। आइए आज हम आपको कुछ ऐसे फ्रोजन डेजर्ट की रेसिपी बताते हैं, जिन्हें गर्मियों में बनाकर खाने से इस मौसम का मजा दोगुना हो जाएगा।
#1
आम वाली कुल्फी
कुल्फी भारत की अपनी आइसक्रीम है, जिसके स्वाद का कोई मुकाबला ही नहीं किया जा सकता। आम वाली कुल्फी बनाने के लिए सबसे पहले कुछ आमों की गुठली निकालकर उनमें सुराख बना लें। अब एक कड़ाही में दूध गर्म करें और उबाल आने पर उसमें चीनी, इलायची पाउडर, मेवे और केसर मिला दें। इसमें आम की पियूरी और आम के टुकड़े डालें और ठंडा करके आमों में भरकर जमा लें। भरे हुए आमों को काटें और कुल्फी का आनंद लें।
#2
पिस्ता की आइसक्रीम
इसके लिए पहले पिस्ता को मिक्सी से पीस लें, फिर दूध को उबालें और उसमें पिस्ता का पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब दूध को ठंडा करके उसमें क्रीम और चीनी मिलाएं, फिर इस मिश्रण को एक एयरटाइट डिब्बे में डालकर फ्रीजर में जमने के लिए रख दें। इसके बाद आइसक्रीम को फ्रीजर से निकालकर उसमें इलायची का पाउडर मिलाएं। अब इसे दोबारा फ्रीजर में जमने के लिए रखें और जब यह जम जाए तो इसे परोसें।
#3
चॉकलेट और केले की आइसक्रीम
चॉकलेट और केले की आइसक्रीम बनाने के लिए सबसे पहले केले को छोटे टुकड़ों में काटकर एक मिक्सर में डालकर अच्छे से पीसें। इसके बाद इसमें क्रीम और गाढ़ा दूध मिलाएं। अब इस मिश्रण को एक एयरटाइट डिब्बे में डालकर फ्रीजर में जमने के लिए रख दें। जब आइसक्रीम जम जाए तो इसे कटोरी या कटोरे में डालकर परोसें। केले से बनी आइसक्रीम में पोटेशियम और फाइबर की अधिक मात्रा मौजूद होती है।
#4
मलाई की आइसक्रीम
मलाई की आइसक्रीम बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में चीनी और पानी डालकर उसे उबालें। इसके गाढ़े हो जाने पर इसे ठंडा करके एक एयरटाइट डिब्बे में डालें। अब एक बड़े बर्तन में क्रीम, गाढ़ा दूध और चीनी का मिश्रण मिलाएं। इसके बाद इसमें इलायची का पाउडर और गुलाब जल मिलाकर इसे फ्रीजर में जमने के लिए रख दें। जब यह जम जाए तो इसे कटोरी में डालकर परोसें और आनंद लेकर खाएं।