LOADING...
दिल्ली के द्वारका में गोल्फ कोर्स के तालाब में डूबे 3 बच्चे, मौत
दिल्ली के द्वारका में गोल्फ कोर्स के तालाब में डूबने से 3 बच्चों की मौत (प्रतीकात्मक तस्वीर)

दिल्ली के द्वारका में गोल्फ कोर्स के तालाब में डूबे 3 बच्चे, मौत

लेखन गजेंद्र
Apr 30, 2026
11:05 am

क्या है खबर?

दिल्ली के द्वारका में गुरुवार सुबह बड़ी घटना घटी है। यहां सेक्टर-24 इलाके में एक गोल्फ कोर्स के तालाब में डूबने से 3 बच्चों की मौत हो गई। पुलिस को सुबह करीब 7 बजे घटना की खबर मिली। टीम जब मौके पर पहुंची तो उन्हें गोल्फ कोर्स परिसर के अंदर बने तालाब में 3 बच्चों के शव तैरते मिले। शवों को दमकलकर्मियों की मदद से बाहर निकाला गया। उनकी उम्र 8-10 साल के बीच बताई जा रही है।

हादसा

तालाब में नहाने उतरे थे बच्चे- पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तालाब के किनारे बच्चों के कपड़े उतरे रखे थे, जिससे पता चलता है कि बच्चे नहाने के लिए तालाब में उतरे होंगे और डूब गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। अभी तक बच्चों की पहचान नहीं हो सकी है। जांच के लिए पुलिस ने फोरेंसिक टीम के सदस्यों को भी बुलाया है। घटना को लेकर इलाके में चर्चा शुरू हो गई है।

जांच

बच्चे किसके? अभी तक पता नहीं

पुलिस का कहना है कि बच्चे गोल्फ कोर्स की चारदीवारी को फांदकर अंदर गए थे, जिससे उनको किसी ने अंदर आते-जाते नहीं देखा। पुलिस का कहना है कि अभी तक बच्चों की गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज नहीं हुई है, जिससे यह पता चल सके की बच्चे कौन हैं और उनके माता-पिता कौन है। पुलिस ने इलाके में बच्चों की फोटो के साथ पूछताछ शुरू कर दी है।

Advertisement