निर्देशक सुभाष घई कब करेंगे 'ताल 2' का ऐलान? सीक्वल के लिए बनाई ये योजना
क्या है खबर?
निर्देशक सुभाष घई द्वारा बनाई गई फिल्म 'ताल' साल 1999 में रिलीज हुई थी और जबरदस्त हिट रही थी। हाल ही में, इसके सीक्वल की खबरों ने फैंस को उत्साहित कर दिया। लोग जानना चाहते हैं कि आखिर निर्देशक फिल्म का ऐलान कब करेंगे और क्या पुराने चेहरे फिर लौटेंगे। जाहिर है कि फिल्म में ऐश्वर्या राय, अक्षय खन्ना और अनिल कपूर मुख्य किरदारों में थे। अब घई ने बताया कि वह अक्टूबर तक फिल्म का ऐलान कर सकते हैं।
योजना
सीक्वल के लिए नए चेहरों की कास्टिंग की योजना
मिड-डे संग बातचीत में, निर्देशक ने 'ताल 2' पर काम करने की पुष्टि की। मूल कहानी के विस्तार करने और कलाकारों की वापसी के सवाल पर उन्होंने कहा, "आज हम 'ताल' के उन्हीं कलाकारों को नहीं ले सकते क्योंकि वे उम्रदराज हो चुके हैं। इसलिए, मूल कहानी का विस्तार संभव नहीं है। लेकिन यह एक संगीतमय प्रेम कहानी होगी। मैं मुख्य भूमिकाओं में नए चेहरों को देखना चाहता हूं।" उन्होंने कहा कि ऐश्वर्या, अक्षय और अनिल सीक्वल में नहीं होंगे।
घोषणा
'ताल 2' की दुनिया विकसित, जल्द होगा ऐलान
घई ने बताया कि वह पिछले कुछ साल से इस प्रेम-कहानी को लिख रहे हैं। उन्होंने इसकी दुनिया विकसित कर ली है, लेकिन वह 'ताल 2' का निर्देशन नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, "मैं चाहता हूं कि कोई जाना-माना निर्देशक इसका निर्देशन करे। हम अक्टूबर तक 'ताल 2' की घोषणा करने की योजना बना रहे हैं।" घई ने आगे बताया कि सिर्फ 'ताल 2' नहीं, बल्कि वह अपनी एक्शन-ड्रामा फिल्म 'कर्मा' (1986) के दूसरे भाग पर भी काम कर रहे हैं।