दिलजीत दोसांझ के वैंकूवर कॉन्सर्ट में हंगामा, खालिस्तान समर्थकों ने शो में घुसकर की नारेबाजी
क्या है खबर?
मशहूर पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के कनाडा के वैंकूवर में आयोजित ऑरा-2026' लाइव कॉन्सर्ट में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां खालिस्तान समर्थक प्रदर्शनकारियों ने जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारी सुरक्षा घेरा तोड़कर वेन्यू के भीतर घुस आए और नारेबाजी करने लगे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच तीखी झड़प भी हुई, जिससे शो को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। हंगामे में शामिल 2 मुख्य आराेपियों की पहचान हो गई है।
हंगामा
खालिस्तानी संगठन SFJ ने मचाया दिलजीत के शो में उत्पात
इंडिया टीवी के मुताबिक, इस उपद्रव में पवनदीप सिंह बस्सी और मनदीप सिंह रवि नाम के 2 व्यक्ति मुख्य रूप से शामिल थे। आरोप है कि ये दोनों भारत में प्रतिबंधित संगठन 'सिख फॉर जस्टिस' (SFJ) से जुड़े हुए हैं, जिसका नेतृत्व भगोड़ा गुरपतवंत सिंह पन्नू करता है। घटना के बाद प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि वे दिलजीत के आगामी शोज में भी इसी तरह का विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे।
वर्ल्ड टूर
दिलजीत का ऑरा वर्ल्ड टूर 2026
बता दें कि दिलजीत अपने उत्तरी अमेरिका दौरे पर हैं, जिसका नाम 'AURA वर्ल्ड टूर 2026' है। उनका ये दौरा 23 अप्रैल को वैंकूवर से शुरू हुआ, जो BC प्लेस स्टेडियम में आयोजित किया गया था और ये 20 जून, 2026 तक जारी रहने वाला है, जिसका आखिरी शो सैन फ्रांसिस्को के चेस सेंटर में होगा। हाल ही में दिलजीत 'द टुनाइट शो स्टारिंग जिमी फॉलन' में दिखाई दिए, जहां उन्होंने अपने करियर और अपने हालिया कॉन्सर्ट पर बात की।
आगामी फिल्म
दिलजीत अब इस फिल्म में आएंगे नजर
दिलजीत को आखिरी बार सनी देओल, वरुण धवन और अहान शेट्टी के साथ वॉर ड्रामा फिल्म 'बॉर्डर 2' में देखा गया था, जिसमें उनके काम की खूब सराहना हुई थी, वहीं फिल्म ने भी बॉक्स ऑफिस पर बढ़िया प्रदर्शन किया था। दिलजीत अगली बार इम्तियाज अली की फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' में नजर आएंगे, जिसमें नसीरुद्दीन शाह, शरवरी वाघ और वेदांग रैना भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। ये फिल्म 12 जून, 2026 को बड़े पर्दे पर दस्तक देने वाली है।