डिनर के समय बनाएं ये 5 कम कैलोरी वाले व्यंजन, स्वास्थ्य के लिए होते हैं लाभदायक
क्या है खबर?
रात का खाना दिन की एक अहम मील होती है। इस समय ऐसा खाना खाना चाहिए, जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ कम कैलोरी वाला भी हो। कम कैलोरी वाले खाद्य पदार्थ न केवल वजन नियंत्रित करने में मदद करते हैं, बल्कि शरीर को जरूरी पोषक तत्व भी प्रदान करते हैं। आइए आज हम आपको कुछ ऐसे कम कैलोरी वाले डिनर केव्यंजनों की रेसिपी बताते हैं, जिन्हें घर पर 5 से 10 मिनट में तैयार किया जा सकता है।
#1
मूंग दाल का चीला
सबसे पहले एक पैन में थोड़े पानी के साथ मूंग दाल को 5-10 मिनट के लिए भिगोएं, फिर पानी को छानकर दाल को पीसकर उसका घोल बना लें। अब एक कटोरे में दाल के घोल के साथ हरी मिर्च, अदरक, नमक, हरा धनिया और पुदीना की पत्तियां मिलाएं। इसके बाद तवे को गर्म करके उस पर तेल लगाएं और दाल के घोल को फैलाकर उसका चीला बनाएं। इसे चटनी के साथ गर्मा-गर्म परोसें।
#2
पनीर टिक्का
इसके लिए सबसे पहले एक कटोरे में दही, अदरक-लहसुन का पेस्ट, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, नमक और नींबू का रस मिलाकर मसाला तैयार करें। इसके बाद इसमें पनीर के टुकड़े डालकर उन्हें 10-15 मिनट के लिए मसाले में लपेटकर रखें। अब पनीर को कटी हुई शिमला मिर्च और प्याज के टुकड़ों के साथ सींक में पिरोकर तवे पर तेल लगाकर सेंकें। इसे हरी चटनी के साथ खाने से दिल खुश हो जाएगा।
#3
आलू की चाट
आलू की चाट तैयार करने के लिए सबसे पहले आलू को उबालकर छील लें, फिर इसे टुकड़ों में काटें। अब एक कटोरे में उबले हुए आलू के साथ बारीक कटा प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, हरा धनिया और थोड़ा-सा चाट मसाला मिलाएं। इसके बाद इस पर अनार के दाने, सेव और नींबू का रस डालकर परोसें। आप चाहें तो इसमें चाट वाली मटर, दही और पपड़ी आदि भी डाल सकते हैं। यह व्यंजन स्वाद का अनोखा संगम होता है।
#4
पालक के पराठे
सबसे पहले पालक को धोकर उबाल लें, फिर इसे छानकर ठंडा होने दें और मिक्सी में पीस लें। इसके बाद इस पेस्ट को आटे के साथ मिलाकर पराठे का आटा गूंथ लें। अब आटे की लोई लेकर पराठे बेलें और उन्हें तवे पर सेंक लें। अंत में पराठों को दही या अचार के साथ गर्मा-गर्म परोसें। आप चाहें तो पालक को आटे में मिलाने के बजाए उसकी स्टफिंग बनाकर पराठों में भर भी सकते हैं।
#5
टमाटर का सूप
सबसे पहले टमाटर और प्याज को धोकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें, फिर इन्हें एक पैन में पानी के साथ डालकर उबालें। जब ये अच्छी तरह से पक जाएं तो इन्हें ठंडा करके मिक्सी में पीस लें। अब इस मिश्रण को छानकर एक बर्तन में डालें और इसमें नमक, काली मिर्च और मक्खन मिलाकर कुछ देर पका लें। अंत में इसमें मक्खन और क्रीम डालें और गार्लिक ब्रेड के साथ इसे परोसें।