लीची के सीजन में बनाकर खाएं ये 4 अंतरराष्ट्रीय व्यंजन, बेहतरीन होता है इनका स्वाद
क्या है खबर?
लीची एक ऐसा फल है, जो गर्मियों के दौरान बाजार में आसानी से मिल जाता है। इसका मीठा और रसीला स्वाद न केवल बच्चों को, बल्कि बड़ों को भी बहुत पसंद आता है। क्या आप जानते हैं कि लीची का इस्तेमाल करके कई बेहतरीन अंतरराष्ट्रीय व्यंजन बनाए जा सकते हैं? आइए आज हम आपको लीची से बनने वाले कुछ अंतरराष्ट्रीय व्यंजनों की रेसिपी बताते हैं, जिनका स्वाद आपके मन में बस जाएगा।
#1
लीची मूज
लीची मूज एक तरह का मीठा व्यंजन है, जिसे पन्ना कोटा भी कहा जाता है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले लीची को छीलकर उनके बीज अलग कर लें। अब इन्हें पीसकर इनकी प्यूरी तैयार कर लें। एक कटोरे में क्रीम, पिसी चीनी और जेलेटिन को मिला लें। अब इसमें लीची की प्यूरी डालकर मिलाएं और सेट होने के लिए फ्रिज में रख दें। इसे ठंडा परोसें और ऊपर से लीची के टुकड़े डालना न भूलें।
#2
लीची का शर्बत
गर्मियों में ठंडा-ठंडा शर्बत पीने का मजा ही कुछ अलग है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले लीची का रस निकाल लें और उसमें थोड़ा नींबू का रस मिलाएं। इसके बाद इस मिश्रण को चीनी और पानी के साथ उबालें, जब तक कि चीनी पूरी तरह घुल न जाएं। ठंडा होने पर इसे फ्रिज में जमने के लिए रख दें। जमने के बाद इसे बर्फ की तरह क्रश करके परोसें।
#3
लीची की आइसक्रीम
गर्मियों में ठंडी-ठंडी आइसक्रीम खाने का अपना ही मजा है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले क्रीम को फेंट लें, फिर उसमें चीनी मिलाएं। अब इसमें लीची का पेस्ट डालें और अच्छे से मिलाएं। इस मिश्रण को फ्रिज में जमने के लिए रख दें। जब आइसक्रीम पूरी तरह से जम जाए तो इसे निकालकर परोसें। यह आइसक्रीम बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को पसंद आएगी और इसे बनाना भी बहुत आसान है।
#4
लीची जेली
अगर आप बच्चों के लिए कुछ मजेदार बनाना चाहते हैं तो उन्हें लीची जेली बनाकर खिलाएं। यह एक तरह का मीठा व्यंजन है, जो जमा हुआ होता है। इसके लिए एक मिक्सी में लीची को डालकर पीसें। इसमें पानी, चीनी और अगार-अगार डालकर दोबारा पीस लें। इस मिश्रण को छन्नी की मदद से छानकर एक बर्तन में निकालें और कुछ देर उबालें। अब इसे ठंडा करके फ्रिज में रखें और जमा कर खाएं।