पतझड़ के मौसम में बनाकर खाएं ये विदेशी डेजर्ट, स्वाद में होते हैं लाजवाब
क्या है खबर?
पतझड़ का मौसम आ गया है और इस दौरान बाजार में कई तरह के फल आते हैं, जिनका स्वाद भी बहुत अच्छा होता है। सेब, नाशपाती और कद्दू जैसे फलों से कई तरह के विदेशी डेजर्ट बनाए जा सकते हैं। आइए आज हम आपको ऐसे विदेशी डेजर्ट की रेसिपी बताते हैं, जिन्हें पतझड़ के फलों से बनाया जाता है और इस मौसम में चाव से खाया जाता है। इनका स्वाद भी लाजवाब है।
#1
सेब का टार्ट
सबसे पहले एक बर्तन को मक्खन से चिकना करें, फिर एक बड़े कटोरे में मैदा, बेकिंग पाउडर, नमक और मक्खन डालकर अच्छे से मिलाएं।
अब इसमें दूध डालकर नरम आटा गूंथ लें और इसे ठंडा होने के लिए रख दें। इसके बाद आटे को बेलकर बर्तन में फैलाएं, फिर इसमें पतले कटे सेब डालकर बारीक कटे बादाम, दालचीनी और चीनी डालकर 30 से 40 मिनट तक बेक करें।
इसके बाद गर्मा-गर्म टार्ट को परोसें।
#2
नाशपाती का हलवा
सबसे पहले 2 बड़े चम्मच घी में बारीक कटी नाशपाती के टुकड़े डालकर उन्हें धीमी आंच पर 5-7 मिनट तक पकाएं। अब इसमें चीनी डालकर अच्छे से मिलाएं और फिर इसमें कटे हुए बादाम, काजू और किशमिश डालें।
इसके बाद इसमें दूध डालकर इसे तब तक पकाएं जब तक कि मिश्रण गाढ़ा न हो जाए। अंत में इसमें इलायची पाउडर मिलाएं और इसे गर्मा-गर्म परोसें।
आप इसमें अन्य मसाले भी डाल सकते हैं, जैसे दालचीनी आदि।
#3
कद्दू की पाई
सबसे पहले एक कटोरे में मैदा, मक्खन और चीनी डालकर अच्छे से मिलाएं, फिर इसका आटा गूंथ लें। अब इस आटे को बेलकर एक पाई वाले बर्तन में डालें और इसे 20 मिनट तक बेक करें।
इसके बाद एक दूसरे कटोरे में कद्दू का गूदा, चीनी, दालचीनी, अदरक का पाउडर, लौंग का पाउडर, नमक और बेकिंग सोडा डालकर अच्छे से मिलाएं।
इस मिश्रण को बेक की गई पाई में डालकर 45 मिनट तक बेक करें, फिर इसे ठंडा करके खाएं।
#4
सेब की ब्रेड पुडिंग
इसके लिए सबसे पहले एक कटोरे में दूध, बेकिंग सोडा, चीनी, दालचीनी का पाउडर और वनीला का अर्क मिलाएं। अब इसमें छोटे-छोटे टुकड़े किए हुए ब्रेड के स्लाइस डालकर अच्छे से मिलाएं।
इसके बाद मिश्रण को मक्खन से चिकना की हुई बेकिंग डिश में डालकर 45 मिनट के लिए 170 डिग्री सेल्सियस पर पहले से गर्म ओवन में बेक करें। अंत में इसे कुछ देर ठंडा करके फिर गर्मा-गर्म परोसें।