LOADING...
बचे हुए खाने को फेंकने के बजाय दें नया ट्विस्ट, उससे बना लें ये बेहतरीन पकवान
बचे हुए खाने से बने व्यंजन

बचे हुए खाने को फेंकने के बजाय दें नया ट्विस्ट, उससे बना लें ये बेहतरीन पकवान

लेखन सयाली
Mar 22, 2026
11:08 am

क्या है खबर?

अक्सर ऐसा होता है कि लोग ज्यादा खाना बना लेते हैं और फिर उसे दोबारा गर्म करके खाते हैं। हालांकि, एक बार का बचा हुआ खाना दोबारा खाने का मन नहीं करता। ऐसे में आप उसे फेंकने के बजाय उससे कुछ नया बना सकते हैं। आइए आज हम आपको बचे हुए खाने से बनाए जाने वाले कुछ व्यंजनों की रेसिपी बताते हैं, जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ बनाने में भी आसान हैं। इनका स्वाद चखकर आपका मन तृप्त हो जाएगा।

#1

छोले टिक्की

छोले की टिक्की बनाने के लिए सबसे पहले छोले को मिक्सी में पीस लें। एक बर्तन में इसे डालकर इसमें अदरक का पेस्ट, बारीक कटी हरी मिर्च, उबले हुए आलू, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला, नमक और थोड़ा-सा पका हुआ चावल डालें। अब इस मिश्रण को अच्छे से मिलाएं और टिक्की का आकार देकर तेल लगाकर तवे पर सुनहरा होने तक सेकें। चटनियों के साथ इन टिक्कियां का आनंद लें।

#2

खिचड़ी कटलेट

अगर अपने ज्यादा खिचड़ी बना ली थी तो उससे आप लजीज कटलेट तैयार कर सकते हैं। एक कटोरे में बची हुई खिचड़ी को डालकर उसमें बारीक कटा प्याज, बारीक कटी हरी मिर्च, बारीक कटी हरी धनिया, अदरक का पेस्ट, नमक, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, थोड़ा-सा बेसन और थोड़े-से ब्रेड क्रम्ब्स मिलाएं। अब इस मिश्रण से छोटी-छोटी टिक्कियां बनाकर उन्हें तवे पर तेल लगाकर सुनहरा होने तक सेकें। आप चाहें तो इसमें अन्य मसाले और सब्जियां भी मिला सकते हैं।

Advertisement

#3

आलू का सैंडविच

अगर घर पर आलू की सब्जी बची हुई है तो उससे नाश्ते में आलू वाले सैंडविच बनाना बढ़िया निर्णय होगा। इसके लिए ब्रेड पर मक्खन लगाएं और एक स्लाइस पर सॉस फैला लें। अब दूसरी स्लाइस पर आलू को हल्का मीस कर फैला दें। इस पर खीरा, टमाटर, लेटस, प्याज और ककड़ी जैसी सब्जियां रखें। अब चीज, मेयोनीज और नमक-काली मिर्च छिड़ककर दोनों स्लाइस को आपस में जोड़ें। सैंडविच को हल्का सेकें और खाएं।

Advertisement

#4

दाल के वड़े

सबसे पहले एक कटोरे में बची हुई दाल के साथ थोड़ा-सा बेसन डालकर अच्छे से मिलाएं। इसके बाद इसमें बारीक कटी हरी मिर्च, अदरक का पेस्ट, नमक, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला और थोड़े-से ब्रेड क्रम्ब्स डालकर अच्छे से मिलाएं। अब इस मिश्रण से छोटी-छोटी वड़े बनाकर उन्हें तेल में डालकर सुनहरा होने तक तल लें। इसके बाद इन्हें दही, सांभर और चटनी के साथ मजे से खाएं।

#5

पनीर टिक्का

सबसे पहले एक कटोरे में बचे हुए पनीर को मैश करके उसमें प्याज, शिमला मिर्च और टमाटर जैसी बारीक कटी सब्जियां मिलाएं। अब इसमें हरी मिर्च, अदरक का पेस्ट, नमक, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला और थोड़ा-सा बेसन डालकर अच्छे से मिलाएं। इस मिश्रण से छोटी-छोटी टिक्कियां बनाकर उन्हें तवे पर तेल लगाकर सुनहरा होने तक सेकें। इसके बाद गर्मा-गर्म टिक्कियों को परोसें। इसका असली मजा पुदीने की चटनी के साथ आएगा।

Advertisement