सावन के दौरान एयर फ्रायर में बनाएं ये व्यंजन, तुरंत हो जाएंगे तैयार
क्या है खबर?
हिंदू धर्म में सावन के महीने का खास महत्व है। इस दौरान कई लोग व्रत रखते हैं और व्रत के दौरान खाने-पीने का खास ध्यान रखा जाता है। अगर आप भी सावन के दौरान व्रत रखते हैं और रोजाना क्या खाएं? इस सवाल से परेशान रहते हैं तो आइए आज हम आपको कुछ ऐसे एयर फ्रायर व्यंजनों की रेसिपी बताते हैं, जिन्हें बनाना मुश्किल नहीं है और ये सेहत के लिए भी फायदेमंद हैं।
#1
आलू के चिप्स
सबसे पहले आलू को छीलकर पतले-पतले काट लें, फिर इन्हें पानी में भिगोकर रख दें।
इसके बाद इनसे अतिरिक्त पानी निकालकर इन्हें एक कटोरे में डालें और इसके साथ सेंधा नमक, काली मिर्च और देसी घी मिलाएं। अब आलू के टुकड़ों को एयर फ्रायर में डालकर 180 डिग्री सेल्सियस पर 15 मिनट के लिए पकाएं।
इसके बाद आलू के चिप्स को एक कटोरे में निकालकर इनमें थोड़ा नींबू का रस डालकर इन्हें परोसें।
#2
साबूदाने के ढोकले
सबसे पहले साबूदाने को 5-6 घंटे के लिए पानी में भिगोएं, फिर भीगे हुए साबूदाने को एक बर्तन में डालकर पीस लें। अब मिश्रण को एक कटोरे में डालकर उसमें अदरक का पेस्ट, सेधा नमक और नींबू का रस मिलाएं। इसके बाद मिश्रण को 2-3 मिनट के लिए फेंटे।
अब मिश्रण को एक घी लगे बर्तन में डालकर एयर फ्रायर में 15 मिनट के लिए रखें। आखिर में ढोकले पर सरसों का तड़का लगाकर इसे परोसें।
#3
साबूदाना टिक्की
इसके लिए सबसे पहले साबूदाना, आलू, हरी मिर्च, धनिया पत्ती, सेंधा नमक और नींबू के रस को मिलाकर एक मिश्रण तैयार करें। अब इस मिश्रण की छोटी-छोटी टिक्कियां बनाकर इन्हें एयर फ्रायर में रखें। इसके बाद इसे 180 डिग्री सेल्सियस पर 10 मिनट तक पकाएं।
इसके बाद गर्मागर्म टिक्कियों को बाहर निकालकर इन्हें परोसें। इस तरह की टिक्कियां स्वादिष्ट होती हैं और व्रत के लिए उपयुक्त भी।
#4
शकरकंद के चिप्स
सबसे पहले एयर फ्रायर को पहले से गर्म करें, फिर उसमें छिली और पतली कटी हुई शकरकंद, स्वादानुसार सेंधा नमक, थोड़ा तेल और काली मिर्च पाउडर डालकर 15 मिनट के लिए एयर फ्रायर में रखें।
इसके बाद शकरकंद के चिप्स को एक प्लेट में निकालकर ठंडा होने दें, फिर इन्हें किसी डिब्बे में भरकर रख लें। यह एक सेहतमंद और स्वादिष्ट विकल्प है।