बिना पकाए बनाकर खाएं ये 5 शाकाहारी व्यंजन, गर्मियों में देंगे ठंडक और राहत
क्या है खबर?
गर्मियों में खाना बनाना मुश्किल हो जाता है। इस दौरान न तो रसोई में जाना अच्छा लगता है और न ही गैस जलाकर खाना पकाने का मन करता है। इसी बीच गैस सिलेंडर मिलने में भी कठिनाई हो रही है। ऐसे में क्यों न कुछ ऐसा खाया जाए, जो बिना गैस जलाए ही बनाया जा सके। आइए आज हम आपको 5 ऐसे शाकाहारी व्यंजनों की रेसिपी बताते हैं, जिन्हें बिना पकाए ही बनाया जाता है।
#1
पुदीने और आम की स्मूदी
पुदीने और आम की स्मूदी गर्मियों के लिए एकदम सही है। इसमें पुदीने की ताजगी और आम का मीठा स्वाद मिलते हैं, जो आपको तरोताजा महसूस कराते हैं। इसे बनाने के लिए ताजे पुदीने की पत्तियां, पके हुए आम के टुकड़े, थोड़ा-सा दही और बर्फ के टुकड़े लें। सभी सामग्रियों को मिक्सर में डालकर अच्छे से मिक्स करें। यह स्मूदी आपके पाचन को सुधारने में मदद करती है और गर्मी भी दूर भगाती है।
#2
सलाद
सलाद गर्मियों का सबसे हल्का और पौष्टिक भोजन होता है, जिसे पकाने की जरूरत नहीं पड़ती। इससे न केवल ठंडक, बल्कि कई तरह के पोषक तत्व भी मिल जाते हैं। इसके लिए प्याज, टमाटर, खीरा, ककड़ी, गाजर और शिमला मिर्च जैसी सब्जियों को टुकड़ों में काट लें। इसमें पनीर, तरह-तरह के बीज, मेवे, नमक और काली मिर्च शामिल करें। इसके बाद इसमें अपनी पसंद की ड्रेसिंग डालें और सेवन करें।
#3
आम की चटनी
आम की चटनी बनाने के लिए सबसे पहले कच्चे आम को छीलकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। इसके बाद इसे मिक्सर में पीस लें। अब इसमें बारीक कटा हरा धनिया, बारीक कटी हरी मिर्च, अदरक का पेस्ट, लहसुन का पेस्ट, काला नमक, पिसा हुआ राई, जीरा पाउडर, चीनी और नींबू का रस मिलाकर अच्छी तरह से मिलाएं। आखिर में इस पर थोड़ा-सा पानी डालकर दोबारा पीसें। आप इसे रोटी या चावल के साथ खा सकते हैं।
#4
आम की लस्सी
गर्मियों में लस्सी पीने का मजा ही अलग होता है। यह पेय शरीर को ताजगी से भर देता है और ठंडक भी प्रदान करता है। इसके साथ ही एक गिलास लस्सी पीने से पेट पूरी तरह भर जाता है। सबसे पहले 2 कप दही को अच्छी तरह से फेंट लें। इसमें एक कप पका हुआ आम का गूदा, चीनी और एक चौथाई छोटी चम्मच इलायची पाउडर डालकर अच्छे से मिलाएं। इस मिश्रण में बर्फ के टुकड़े डालकर इसे ठंडा-ठंडा परोसें।
#5
सैंडविच
जब कुछ भी समझ न आए तो आपको सैंडविच बनाकर खा लेना चाहिए। इसे पकाने की जरूरत नहीं पड़ती और यह कई तरह से बनाया भी जा सकता है। आप सैंडविच में अपनी पसंद के सॉस और स्प्रेड लगा सकते हैं। इसके बीच में अपनी मनपसंद सब्जियां और चीज आदि रख सकते हैं। अगर आपके पास टोस्टर या ग्रिलर हैं तो सैंडविच को उसमें गर्म कर लें। हालांकि, इसके बिना भी सैंडविच बेहतरीन लगते हैं।