होली पर इन 5 स्नैक्स को बनाकर अपने त्योहार को बनाएं और भी खास
क्या है खबर?
त्योहारों का मौसम आते ही हर घर में तरह-तरह के पकवान बनने लगते हैं। होली भी एक ऐसा त्योहार है, जो रंगों के साथ-साथ स्वाद का भी त्योहार है। इस बार होली 04 मार्च को है और इस मौके पर अगर आप कुछ खास स्नैक्स बनाना चाहते हैं तो आइए हम आपको पांच ऐसे स्वादिष्ट स्नैक्स की रेसिपी बताते हैं, जिन्हें घर पर कुछ ही मिनटों में तैयार किया जा सकता है।
#1
दही वड़ा
दही वड़ा एक ऐसा स्नैक है, जिसे बनाना ज्यादा मुश्किल नहीं है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले उड़द की दाल को रातभर पानी में भिगोएं, फिर अगले दिन इसे पीसकर इसका घोल तैयार करें। अब इस घोल से छोटे-छोटे वड़े बनाएं और इन्हें तल लें। इसके बाद एक बड़े कटोरे में पानी डालकर वड़ों को इसमें डालें। थोड़ी देर बाद वड़ों को पानी से निकालकर एक प्लेट में रखें, फिर इन पर दही और चाट मसाला डालें।
#2
मटर की चाट
सबसे पहले मटर को उबालकर नरम कर लें, फिर एक कटोरे में उबली मटर, बारीक कटा प्याज, बारीक कटी हरी मिर्च, बारीक कटा टमाटर, बारीक कटा खीरा और थोड़ा-थोड़ा नींबू का रस डालें। अब इस पर थोड़ा-सा भुना जीरा पाउडर, काला नमक और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद इस पर अनार के दाने और हरा धनिया डालकर इसे परोसें।
#3
पापड़ी चाट
सबसे पहले एक कटोरे में दही, भूना जीरा पाउडर, काला नमक और नमक मिलाकर दही की चटनी तैयार करें। अब एक प्लेट में पापड़ी रखें और इसके ऊपर थोड़ी-थोड़ी चटनी, उबले आलू और चने डालें। इसके बाद इस पर बारीक कटा प्याज, बारीक कटी टमाटर, बारीक कटा खीरा, अनार के दाने, भूना जीरा पाउडर, इमली की चटनी, नमक और हरा धनिया डालकर चाट को परोसें।
#4
दाल की कचौड़ी
सबसे पहले एक पैन में तिल को हल्का भूनकर एक प्लेट में निकालें, फिर उसी पैन में थोड़ा-सा तेल डालकर उसमें जीरा, हींग, अदरक, हरी मिर्च और पत्तेदार धनिया भूनें। अब एक बर्तन में पीली दाल, नमक, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला और पैन वाला मिश्रण मिलाएं। इसके बाद आटे की लोई बनाकर बेलें और उसमें दाल वाले मिश्रण को भरकर इसे कचौड़ी का आकार दें, फिर इसे गर्म तेल में तले और गर्मागर्म परोसें।
#5
मुरुक्कू
सबसे पहले एक कटोरे में चावल का आटा, मूंग दाल का आटा, तिल, लाल मिर्च पाउडर, नमक और पत्तेदार धनिया मिलाएं, फिर इस मिश्रण में पानी मिलाकर नरम आटा गूंथ लें। अब इस आटे को मुरुक्कू प्रेस में भरकर एक बेकिंग ट्रे पर छोटे-छोटे गोलाकार में डालें। इसके बाद गर्म तेल में गोलियों को सुनहरा भूरा होने तक तलें। फिर इन्हें ठंडा करके परोसें।