गर्मियों के दौरान खुद को तरोताजा रखने के लिए बनाएं ये 5 पेय, आसान है रेसिपी
क्या है खबर?
गर्मी के मौसम में पसीना ज्यादा आता है और इससे शरीर में पानी की कमी हो सकती है, जो कई बीमारियों का कारण बन सकती है। इससे बचने के लिए हाइड्रेट रहना जरूरी है और इसके लिए रोजाना 8-10 गिलास पानी पीने की सलाह दी जाती है। इसके साथ ही कुछ पेय भी हैं, जो शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ-साथ तरोताजा महसूस कराते हैं। आइए आज हम आपको 5 ऐसे पेय की रेसिपी बताते हैं।
#1
नींबू-पुदीने का शरबत
सबसे पहले एक बर्तन में पानी और चीनी डालकर इसे तब तक उबालें जब तक कि चीनी पानी में घुल न जाए। इसके बाद इसमें नींबू का रस और पुदीने की पत्तियां डालकर इसे ठंडा होने के लिए रख दें। अब बर्फ के टुकड़ों के साथ इस मिश्रण को गिलास में डालकर परोसें। यह पेय न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि पाचन क्रिया को ठीक रखने और पेट की समस्याओं से राहत दिलाने में भी मदद करता है।
#2
कददू का जूस
सबसे पहले कददू को छीलकर उसके छोटे-छोटे टुकड़े काट लें, फिर इन्हें जूसर से निचोड़ लें। इसके बाद इस जूस में नींबू का रस, पुदीने की पत्तियां, काला नमक, भुना जीरा पाउडर और शहद मिलाएं। आखिर में इस पेय को बर्फ के टुकड़ों के साथ परोसें। यह पेय विटामिन-C और विटामिन-A से भरपूर होता है, जो शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ावा देने समेत आंखों की सेहत के लिए फायदेमंद है।
#3
खीरे का जूस
सबसे पहले खीरे को धोकर छीलें, फिर इसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर जूसर से निचोड़ें। इसके बाद इस जूस में नींबू का रस, पुदीने की पत्तियां, काला नमक, भुना जीरा पाउडर और शहद मिलाकर इसे ठंडा करने के लिए फ्रिज में रख दें। अब बर्फ के टुकड़ों के साथ इस पेय को गिलास में डालकर परोसें। यह पेय शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ-साथ पेट को ठंडा रखने में भी मदद कर सकता है।
#4
सौंफ का पानी
सौंफ का पानी बनाने के लिए सबसे पहले एक गिलास पानी में एक चम्मच सौंफ डालकर इसे रातभर के लिए ऐसे ही छोड़ दें। अब अगली सुबह इस पानी को छानकर पीएं। यह पेय पाचन क्रिया को ठीक रखने में मदद कर सकता है। इसके अतिरिक्त यह शरीर से हानिकारक तत्वों को बाहर निकालने में भी सहायक है। यह एक सरल और असरदार पेय है, जो पेट की सूजन कम करने में भी मदद करता है।
#5
तुलसी की चाय
तुलसी की चाय बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में पानी गर्म करें, फिर इसमें थोड़ी-सी तुलसी की पत्तियां डालें और इसे 5-10 मिनट तक पकाएं। इसके बाद इसमें थोड़ी-सी अदरक डालकर इसे फिर से उबालें और जब पानी का रंग बदल जाए तो इसे गैस से उतारकर एक कप में डालें। अब इसमें स्वादानुसार शहद मिलाकर इसे गर्मा-गर्म परोसें। यह पेय शरीर को साफ करने समेत कई स्वास्थ्य लाभ प्रदान कर सकता है।