LOADING...
मटर को साधारण तरीके से खा कर हो गए हैं बोर? इससे बनाएं ये लजीज पकवान
मटर के अनोखे व्यंजन

मटर को साधारण तरीके से खा कर हो गए हैं बोर? इससे बनाएं ये लजीज पकवान

लेखन सयाली
Apr 11, 2026
07:25 pm

क्या है खबर?

आम तौर पर मटर से जो व्यंजन बनाए जाते हैं, वो मन को उबा देते हैं। ऐसे में इसे खाने का दिल नहीं करता। हालांकि, अगर आप इस सब्जी से ये 5 तरह के बेहतरीन और अनोखे व्यंजन बनाएंगे तो आपके परिवार वाले तुरंत इन्हें सफा-चट्ट कर देंगे। ये सभी व्यंजन आसानी से कुछ ही मिनटों में बन जाते हैं और इन्हें खास मौकों पर भी बनाया जा सकता है।

#1

मटर पनीर टिक्का

मटर पनीर टिक्का एक बेहतरीन नाश्ता है, जिसे आप किसी भी पार्टी या खास मौके पर बना सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले मटर और पनीर को हल्का-सा उबाल लें। इसके बाद इन्हें दही और मसालों के मिश्रण में मिलाकर कुछ समय के लिए रख दें। अब इस मिश्रण को सींक में लगाकर तंदूर या ओवन में सेंकें, जब तक कि यह सुनहरा न हो जाए। इसे हरी चटनी के साथ गर्मा-गर्म परोसें।

#2

मटर पुदीना पुलाव

अगर आप कुछ हल्का और पौष्टिक खाना चाहते हैं तो मटर पुदीना पुलाव एक अच्छा विकल्प हो सकता है। इसके लिए सबसे पहले बासमती चावल को धोकर भिगो दें। फिर कढ़ाई में घी गर्म करें और उसमें जीरा और तेजपत्ता डालें। अब प्याज और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर भूनें। इसके बाद मिर्च, पुदीने की पत्तियां और उबले हुए मटर डालें। अंत में भिगोए हुए चावल और पानी मिलाकर पकने दें, जब तक कि चावल पूरी तरह से पक न जाएं।

Advertisement

#3

मटर आलू की टिक्की

यह टिक्की बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को पसंद आती है। इसे बनाने के लिए उबले आलू को मैश कर लें और उसमें उबले हुए मटर, हरी मिर्च, अदरक-लहसुन पेस्ट और मसाले मिलाएं। अब इस मिश्रण से छोटे-छोटे गोले बनाकर उन्हें तवे पर हल्का तेल लगाकर सेंकें, जब तक कि दोनों तरफ से सुनहरा न हो जाए। इसे हरी चटनी, सॉस या टमाटर की चटनी के साथ गर्मा-गर्म परोसें।

Advertisement

#4

मटर का रायता

रायता तो आपने कई तरह का खाया होगा, लेकिन क्या आपने कभी मटर का रायता आजमाया है? इसके लिए सबसे पहले दही को अच्छे से फेंट लें। इसके बाद उसमें उबले हुए मटर, भुने हुए जीरे का पाउडर, काला नमक और थोड़ा-सा लाल मिर्च पाउडर मिलाएं। इसे ठंडा-ठंडा परोसें। यह रायता खाने में बेहद स्वादिष्ट और पौष्टिक है, जिसे किसी भी भोजन के साथ साइड डिश की तरह परोसा जा सकता है।

#5

मटर का पराठा

अगर आप सुबह-सुबह कुछ जल्दी बनने वाला खाना चाहते हैं तो मटर का पराठा एक अच्छा विकल्प हो सकता है। इसके लिए गेहूं का आटा लें और उसमें उबले हुए और मसले हुई मटर, हरी मिर्च, अदरक-लहसुन का पेस्ट, नमक और मसाले मिलाकर गूंथ लें। अब छोटी-छोटी लोई बनाकर बेल लें और तवे पर हल्का तेल लगाकर सेंक लें। इसे दही या अचार के साथ गर्मा-गर्म परोसें। ये पकवान आपके घर वालों को भी अच्छे लगेंगे।

Advertisement