बारिश के दौरान बनाएं स्वीट कॉर्न सूप, स्वाद के साथ सेहत के लिए भी है बेहतरीन
क्या है खबर?
बारिश का मौसम अपने साथ कई बीमारियों को भी लाता है, खासकर जब बारिश के बाद वातावरण में नमी बढ़ जाती है तो इससे फ्लू और सर्दी-जुकाम की संभावना अधिक हो जाती है। ऐसे में अपने शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाए रखना जरूरी है। हालांकि, इसके लिए आपको कुछ भी खास करने की जरूरत नहीं है क्योंकि स्वादिष्ट स्वीट कॉर्न सूप आपके लिए एक आदर्श विकल्प हो सकता है। आइए इसकी विधि जानते हैं।
सामग्री
स्वीट कॉर्न सूप बनाने के लिए जरूरी सामान
एक कप ताजा मकई के दाने, एक बड़ी चम्मच मक्खन, एक बड़ी चम्मच मैदा, तीन कप पानी, आधा कप दूध, नमक (स्वादानुसार), आधा चम्मच काली मिर्च पाउडर, आधा चम्मच अदरक का पेस्ट, आधा चम्मच मिर्ची सॉस, एक चौथाई चम्मच सोया सॉस, एक छोटी चम्मच नींबू का रस, एक बड़ी चम्मच बारीक कटी हुई हरी मिर्च, एक चम्मच बारीक कटी हरी धनिया और थोड़ा-सा मकई (सजावट के लिए)।
स्टेप-1
सबसे पहले मैदे को भूनें
सबसे पहले एक पैन में मध्यम आंच पर मक्खन पिघलाएं, फिर इसमें मैदा डालकर इसे हल्का भूरा होने तक भूनें। इसके बाद पैन में पानी, मकई के दाने, अदरक का पेस्ट और काली मिर्च पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब मिश्रण में पानी डालकर इसे 10 मिनट तक पकाएं। समय पूरा होने के बाद सूप को धीमी आंच पर रखें, फिर इसमें दूध, मिर्ची सॉस, सोया सॉस और नींबू का रस मिलाएं।
स्टेप-2
इस तरह से स्वीट कॉर्न सूप को करें तैयार
जब सूप में से उबाल आने लगे तो इसमें बारीक कटी हरी मिर्च और मकई के दाने डालकर इसे एक से दो मिनट तक पकाएं। इसके बाद सूप को एक कटोरी में निकालकर उस पर बारीक कटी हरी धनिया से सजाकर परोसें। आप चाहें तो इस सूप को और भी ज्यादा पौष्टिक बनाने के लिए इसमें कुछ सब्जियां जैसे गाजर, शिमला मिर्च और मटर आदि मिला सकते हैं।
फायदे
स्वीट कॉर्न सूप का सेवन करने के फायदे
स्वीट कॉर्न सूप का सेवन शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने में मदद कर सकता है। इसका कारण यह है कि मकई में कुछ खास तत्व होते हैं, जो रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में काफी मदद कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त स्वीट कॉर्न सूप में मौजूद तत्व शरीर में एंटी-ऑक्सीडेंट्स के स्तर को संतुलित करने में भी मदद कर सकते हैं। साथ ही यह पाचन क्रिया के लिए भी फायदेमंद हो सकता है।
बच्चों के लिए भी है अच्छा
क्या बच्चों को भी दिया जा सकता है यह सूप?
यह सूप बच्चों के लिए भी एक बेहतरीन विकल्प है क्योंकि इसमें मौजूद पोषक तत्व बच्चों की बढ़ती हुई शारीरिक जरूरतों को पूरा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त बच्चों को यह सूप पीने में काफी मजा भी आएगा। हालांकि, बच्चों को यह सूप देने से पहले किसी विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें। यह सूप स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी लाभकारी है।