Loading...
सावन के सोमवार के लिए बनाएं साबूदाना खीर, आसान है रेसिपी
साबूदाना खीर की रेसिपी

सावन के सोमवार के लिए बनाएं साबूदाना खीर, आसान है रेसिपी

लेखन अंजली
Aug 03, 2026
05:04 pm

क्या है खबर?

सावन का महीना भगवान शिव को समर्पित होता है और इस दौरान हर सोमवार को भक्त उपवास रखते हैं और मंदिर जाकर पूजा-अर्चना करते हैं। कई लोग उपवास में फल या साबूदाना जैसी चीजें खाते हैं। ऐसे में आप चाहें तो सावन के सोमवार के उपवास में साबूदाना खीर बना सकते हैं। यह स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद है। आइए आज साबूदाना खीर की रेसिपी जानते हैं।

सामग्री

साबूदाना खीर बनाने के लिए जरूरी चीजें

एक कप साबूदाना, डेढ़ लीटर दूध, आधा कप चीनी, एक चौथाई छोटी चम्मच इलायची पाउडर, एक बड़ी चम्मच देसी घी, एक बड़ी चम्मच काजू, एक बड़ी चम्मच बादाम और एक बड़ी चम्मच पिस्ता।

आप चाहें तो इस रेसिपी में चीनी की जगह गुड़ का पाउडर या फिर शहद का उपयोग भी कर सकते हैं।

इसके अलावा आप सूखे मेवों की जगह किशमिश का भी उपयोग कर सकते हैं।

स्टेप-1

इस तरह से करें खीर की तैयारी

सबसे पहले साबूदाना को पानी में भिगोकर एक घंटे के लिए छोड़ दें, फिर साबूदाना को पानी से निकालकर एक छेद वाले चम्मच से दबाते हुए उसका सफेद पदार्थ निकालें।

इसके बाद गैस पर एक पैन रखकर उसमें दूध गर्म करें और जब दूध में उबाल आ जाए तो उसमें साबूदाना डालकर धीमी आंच पर पकाएं।

दूध में साबूदाना के पकने पर इसका रंग बदल जाएगा। स्वाद और खुशबू के लिए इसमें इलायची पाउडर डालें।

ADVERTISEMENT

स्टेप-2

ऐसे दें खीर को अंतिम रूप

जब आपको लगे कि साबूदाना पूरी तरह से पक चुका है तो इसमें चीनी डालकर मिलाएं। चीनी मिलाने के बाद खीर को 5 मिनट तक और पकाएं।

इसके बाद खीर में इलायची पाउडर मिलाकर गैस बंद कर दें। खीर में सूखे मेवे डालने के लिए पहले उन्हें पैन में देसी घी में भून लें, फिर इन्हें खीर में डालकर अच्छे से मिलाएं।

आपकी खीर बनकर तैयार है और इसे ठंडा या गर्मागर्म परोसें।

ADVERTISEMENT

फायदे

क्या है इस खीर के फायदे?

साबूदाना कार्बोहाइड्रेट का अच्छा स्रोत है, जो ऊर्जा देने में मदद कर सकता है। दूध कैल्शियम का अच्छा स्त्रोत है, जो हड्डियों और दांतों के विकास के लिए जरूरी है।

इसके अलावा दूध पाचन क्रिया को स्वस्थ रखने में भी सहायक है। इलायची पाउडर पाचन क्रिया को सुधारने और गैस से राहत देने में मदद कर सकता है।

सूखे मेवे प्रोटीन, फाइबर, विटामिन, कैल्शियम, पोटेशियम, आयरन और एंटी-ऑक्सीडेंट जैसे पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं।

ADVERTISEMENT