त्योहारों के दौरान बनाकर खाएं वेज ओट्स टिक्की, आसान है रेसिपी
क्या है खबर?
त्योहारों का मौसम आते ही बाजारों से लेकर घर तक में तरह-तरह के स्नैक्स की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में अगर आप अपने घर आए मेहमानों के लिए कुछ नया और स्वादिष्ट बनाने के बारे में सोच रहे हैं तो वेज ओट्स टिक्की एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है। आइए आज हम आपको वेज ओट्स टिक्की की आसान रेसिपी बताते हैं, जिसे आप कुछ ही मिनटों में तैयार कर सकते हैं।
सामग्रियां
वेज ओट्स टिक्की बनाने के लिए जरूरी चीजें
वेज ओट्स टिक्की बनाने के लिए आपको एक कप ओट्स, आधा कप उबले हुए आलू, एक चौथाई कप घिसा हुआ गाजर, एक चौथाई कप घिसी हुई शिमला मिर्च, एक चौथाई कप मटर, एक छोटी चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, एक छोटी चम्मच धनिया पाउडर, एक छोटी चम्मच जीरा, एक छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर, नमक (स्वादानुसार), एक बड़ी चम्मच चाट मसाला, एक कप ब्रेड का चूरा और तेल की जरूरत पड़ेगी।
स्टेप-1
इस तरह से वेज ओट्स टिक्की बनाने की करें शुरूआत
सबसे पहले एक बड़े कटोरे में सभी ओट्स को डालें, फिर इसमें उबले हुए और मैश किए हुए आलू मिलाएं। इसके बाद इसमें घिसा हुआ गाजर, शिमला मिर्च और मटर डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
अब इस मिश्रण में अदरक-लहसुन का पेस्ट, धनिया पाउडर, जीरा, लाल मिर्च पाउडर और नमक मिलाएं।
इसके बाद मिश्रण को अच्छी तरह से गूंध लें ताकि सभी चीजें एकसाथ मिल जाएं।
स्टेप-2
अब वेज ओट्स टिक्की का मिश्रण तैयार होने पर बनाएं टिक्की
जब मिश्रण अच्छे से गूंध जाए तो इसमें थोड़ा चाट मसाला मिलाएं, फिर इस मिश्रण से छोटे-छोटे गोले बनाकर उन्हें चपटा कर लें।
इसके बाद सभी टिक्कियों को ब्रेड के चूरे में लपेटकर एक तरफ रख दें। अब एक कढ़ाई में तेल गर्म करके इसमें टिक्कियों को दोनों तरफ से सुनहरा होने तक तल लें।
जब सभी टिक्कियां अच्छे से तल जाएं तो उन्हें एक प्लेट में निकाल लें, फिर गर्मागर्म टिक्कियों को हरी चटनी के साथ परोसें।
स्वास्थ्यवर्धक
कैसे बनाएं वेज ओट्स टिक्की को ज्यादा सेहतमंद?
अगर आप वेज ओट्स टिक्की को ज्यादा सेहतमंद बनाना चाहते हैं तो इसे तले की बजाय बेक करके खाएं।
इसके लिए पहले ओवन को 180 डिग्री सेल्सियस पर गर्म करें, फिर सभी टिक्कियों को बेकिंग ट्रे पर रखकर 15 से 20 मिनट तक बेक करें।
इसके अलावा आप चाहें तो इसमें सूखे मेवे भी मिला सकते हैं। इससे यह और भी स्वादिष्ट और सेहतमंद हो जाएगी।