Page Loader
बच्चे को जन्मदिन पर सरप्राइज देने के लिए पार्टी करने के बजाए अपनाएं ये तरीके

बच्चे को जन्मदिन पर सरप्राइज देने के लिए पार्टी करने के बजाए अपनाएं ये तरीके

लेखन सयाली
Jul 04, 2025
08:11 pm

क्या है खबर?

बच्चों का जन्मदिन सभी माता-पिता के लिए उनके जन्मदिन से कई गुना खास होता है। वे पूरी कोशिश करते हैं कि जन्मदिन वाले दिन उनके बच्चे के चेहरे पर मुस्कान बनी रहे। इसके लिए वे ढेरों तोहफे खरीदते हैं, तरह-तरह के पकवान बनाते हैं और बच्चों के दोस्तों को बुलाकर पार्टी करते हैं। हालांकि, आप पार्टी करने के बजाय भी कई अनोखे तरीकों से बच्चे का जन्मदिन मना सकते हैं। आइए ऐसे 5 तरीके जानते हैं।

#1

यात्रा पर ले जाएं

बच्चों को अपने परिवार के साथ घूमना बेहद पसंद होता है, क्योंकि इस दौरान वे बेफिक्र हो कर मस्ती कर सकते हैं। ऐसे में आप अपने बच्चे के जन्मदिन के आस-पास उन्हें यात्रा पर ले जा सकते हैं। कोशिश करें कि आप जश्न को मजेदार बनाने के लिए उनकी पसंदीदा जगह का चुनाव करें और उनके भाई-बहनों को भी साथ ले जाएं। होटल में या किसी सुंदर पर्यटन स्थल पर उनका केक काटें और जीवनभर की यादें बनाएं।

#2

अनाथालय में सेवा करें

अगर आप अपने बच्चों को दया और करुणा सिखाना चाहते हैं तो अपने घर के पास मौजूद अनाथालय में उनका जन्मदिन मनाएं। इससे अनाथालय के बच्चों को भी जश्न मनाने और अच्छा खाना खाने का मौका मिल जाएगा। साथ ही आपके बच्चे भी जीवन की कठिनाइयों को समझ सकेंगे और नए दोस्त बना सकेंगे। इस दौरान अनाथालय के बच्चों के लिए तोहफे, कपड़े और भोजन लेकर जाएं और बच्चों के हाथों से दान करवाएं।

#3

रचनात्मक गतिविधियां करने ले जाएं

बच्चों को नई चीजें बहुत आकर्षित करती हैं और वे रचनात्मक गतिविधियों में तो खासा दिलचस्पी लेते हैं। आप जन्मदिन के मौके पर उन्हें पेंटिंग जैसी रचनात्मक गतिविधियां करवाने ले जा सकते हैं। बच्चों के साथ मिलकर पेंटिंग, क्ले से सामान बनाना, जेवर बनाना, कहानी लिखना या मिट्टी के बर्तन बनाना बढ़िया रहेगा। इससे वे अपने जन्मदिन का दिल खोलकर आनंद भी ले सकेंगे और उन्हें उनकी कलात्मक क्षमताओं को निखारने का भी मौका मिल जाएगा।

#4

थीम पार्क या वाटर पार्क का दौरा करवाएं

अगर आपका बच्चा अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाना चाहता है तो पार्टी करना ही एकलौता विकल्प नहीं है। आप सभी बच्चों को लेकर किसी थीम पार्क या वाटर पार्क भी जा सकते हैं। ऐसे पार्क किसी विशेष थीम पर बनाए जाते हैं, जैसे जानवर, अंतरिक्ष, विज्ञान और कार्टून आदि। इन पार्क में बच्चे जी भर के मस्ती कर सकते हैं, खेल-कूद सकते हैं और तैराकी आदि का आनंद ले सकते हैं। आप उन्हें चिड़ियाघर भी ले जा सकते हैं।

#5

ट्रेजर हंट खेलें

अगर आपको अपने बच्चों के साथ मिलकर खेल खेलना पसंद है तो यह तरीका आपके लिए ही है। जन्मदिन वाले दिन सुबह जल्दी उठकर बच्चे के सभी तोहफे अलग-अलग जगहों पर छुपा दें। सभी तोहफों से जुड़ी पर्चियां बनाएं, जिनमें उन्हें ढूंढने का रास्ता या पहेलियां लिखी हों। बच्चे को पहली पर्ची देकर अन्य पर्चियां और तोहफे ढूंढने के लिए कहें। इससे आप सभी मिलकर एक मनोरंजल खेल भी खेल लेंगे और बच्चा तोहफे पा कर खुश भी हो जाएगा।