Page Loader
स्लिप डिस्क की समस्या से राहत दिलाने में सहायक हैं ये योगासन, जानिए अभ्यास का तरीका

स्लिप डिस्क की समस्या से राहत दिलाने में सहायक हैं ये योगासन, जानिए अभ्यास का तरीका

लेखन अंजली
Jun 08, 2021
06:45 am

क्या है खबर?

स्लिप डिस्क की समस्या तब होती है, जब रीढ़ की हड्डी में मौजूद हड्डियों के बीच की एक भी डिस्क क्षतिग्रस्त होकर सूज या फिर टूटकर खुल जाती है। बता दें ये डिस्क रीढ़ की हड्डी का लचीलपन बरकरार ररने में मदद करती हैं। खैर, आप चाहें तो स्लिप डिस्क की समस्या से राहत पाने के लिए योग का सहारा ले सकते हैं। आइए इसके लिए आज हम आपको कुछ योगासनों के अभ्यास का तरीका बताते हैं।

#1

भुजंगासन

इसके लिए सबसे पहले योगा मैट पर अपने हाथों को अपने कंधों के नीचे रखकर पेट के बल लेट जाएं। अब अपने हाथों से दबाव देते हुए अपने शरीर को जहां तक संभव हो सके, उठाने की कोशिश करें। इस दौरान सामान्य तरीके से सांस लेते रहें। इसके बाद कुछ देर इसी मुद्रा में बने रहें और फिर धीरे-धीरे सामान्य हो जाएं, फिर से इसी प्रक्रिया को दोहराकर तीन- चार चक्र पूरे करें।

#2

शलभासन

शलभासन का अभ्यास करने के लिए सबसे पहले चटाई पर पेट के बल लेट जाएं और फिर अपने दोनों हाथों को जांघो के पीछे की ओर ले जाएं। अब लंबी सांस लेते हुए धीरे-धीरे अपने सिर के साथ-साथ अपने दोनों पैरों और गर्दन को ऊपर की तरफ उठाएं। ध्यान रहे कि आपका पेट जमीन पर ही रहना चाहिए। कुछ मिनट बाद इस मुद्रा को धीरे-धीरे छोड़ते हुए सामान्य हो जाएं। इस आसन को आप 10-12 बार दोहरा सकते हैं।

#3

उष्ट्रासन

इसका अभ्यास करने के लिए सबसे पहले योगा मैट बिछाकर उस पर घुटनों के बल बैठ जाएं और फिर घुटनों के बल ही खड़े हो जाएं। अब सामान्य रूप से सांस लेते हुए पीछे की ओर झुकें और दायीं हथेली को दायीं एड़ी पर और बायीं हथेली को बायीं एड़ी पर रखने की कोशिश करें। इस मुद्रा में कम से कम एक-दो मिनट रहने के बाद धीरे-धीरे सामान्य हो जाएं और कुछ मिनट विश्राम करें।

#4

शवासन

सबसे पहले योगा मैट पर आराम मुद्रा में लेट जाएं और आंखें बंद कर लें। अब दोनों हथेलियों को शरीर से लगभग एक फीट की दूरी पर रखें और पैरों को भी एक-दूसरे से लगभग दो फीट की दूरी पर रखें। इसके बाद धीरे-धीरे सांसें लें और पूरा ध्यान सांस पर लगाने की कोशिश करें। कुछ देर इसी मुद्रा में बने रहने के बाद आखों को धीरे-धीरे खोलें। अंत में दायीं ओर करवट लेकर उठें और आसन को छोड़ दें।