साल 2027 में घूमने के लिए पहली पसंद भारत, इस अंतरराष्ट्रीय मैगजीन ने बताया
क्या है खबर?
भारत अपनी समृद्ध ऐतिहासिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता, विविध संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं के कारण एक प्रमुख गंतव्य है। यही कारण है कि यह अंतरराष्ट्रीय पर्यटन जगत का भी ध्यान खींच रहा है। दुनिया की सबसे प्रसिद्ध लक्जरी ट्रैवल और लाइफस्टाइल मैगजीन ट्रैवल+लीजर ने भारत को साल 2027 के लिए 'डेस्टिनेशन ऑफ द ईयर' चुना है। नवंबर 2026 में मैगजीन की एडिटर-इन-चीफ जैकी गिफोर्ड ने अपने संपादकीय के जरिए इसकी घोषणा की है।
खिताब
भारत से पहले इन देशों को मिल चुका है यह खिताब
यह मैगजीन साल 2014 से लगातार हर साल 'डेस्टिनेशन ऑफ द ईयर' की घोषणा करती आ रही है। अब भारत भी उन देशों की सूची में शामिल हो गया है, जिन्हें पिछले सालों में यह खिताब मिला चुका है।
ब्राजील को साल 2026 के लिए यह खिताब दिया गया था, जबकि साल 2025 के लिए थाईलैंड को और साल 2024 के लिए कोस्टा रिका को यह सम्मान दिया गया था।
कारण
दुनियाभर के पर्यटकों का भारत आने के कारण
आज दुनियाभर से पर्यटक भारत आते हैं ताकि वे यहां की ऐतिहासिक जगहों, खान-पान, संस्कृति, वन्यजीवों और स्वास्थ्य पद्धतियों का अनुभव ले सकें।
हालांकि, हाल के वर्षों में देश में आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या कम हुई है। साल 2025 में भारत में 91.5 लाख विदेशी पर्यटक आए, जो साल 2019 के लगभग 1 करोड़ पर्यटकों के रिकॉर्ड से 8 प्रतिशत कम है।
लक्ष्य
साल 2047 तक भारत ने रखा पर्यटन बढ़ाने का लक्ष्य
अब भारत सरकार अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या बढ़ाने पर ध्यान दे रही है और उन्होंने साल 2047 तक हर साल 10 करोड़ पर्यटकों का स्वागत करने का लक्ष्य रखा है।
साल 2047 इसलिए चुना गया क्योंकि 2047 में ही भारत अपनी आजादी के 100 साल पूरे होने का जश्न मनाएगा।
मैगजीन द्वारा यह सम्मान देने से भारत को इस लक्ष्य तक पहुंचने में मदद मिल सकती है क्योंकि इससे दुनियाभर का ध्यान भारत की ओर आकर्षित होगा।
बयान
भारत से है व्यक्तिगत जुड़ाव- जैकी गिफोर्ड
भारत के बारे में बात करते हुए जैकी गिफोर्ड ने बताया कि उनका भारत से एक व्यक्तिगत जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि भारत उन जगहों में से एक है, जो उनके दिल के बहुत करीब है।
उन्होंने भारत को एक ऐसा देश बताया, जो यहां आने वाले हर व्यक्ति पर एक गहरी छाप छोड़ता है।
यह सम्मान भारत के पर्यटन के लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे देश को दुनिया भर से जोड़ने का एक और अवसर मिला है।