मानसून से पतझड़ में बदलते मौसम के दौरान ऐसे करें अपनी देखभाल, बने रहेंगे स्वस्थ
क्या है खबर?
मानसून के बाद पतझड़ का आगमन होने वाला है, जिस दौरान संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। इसका कारण है कि मानसून के दौरान होने वाली बीमारियां शरद ऋतु में भी अपना असर दिखाती हैं। पतझड़ में कई संक्रमण और बीमारियां अपने चरम पर होती हैं और ऐसे में खुद को संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए आपको कुछ सावधानियां बरतनी चाहिए। आइए जानते हैं कि पतझड़ में संक्रमण से कैसे बचा जा सकता है।
#1
हाथ धोने की आदत डालें
हाथों को अच्छे से साफ रखना संक्रमण से बचने का सबसे असरदार तरीका है। इसलिए, अपने हाथों को नियमित रूप से साबुन और पानी से धोएं।
खासकर खाने से पहले और बाद में, शौचालय का उपयोग करने के बाद और बाहर से आने के बाद अपने हाथों को धोएं। इसके अलावा किसी भी चीज को छूने के बाद अपने हाथों को साफ करने के लिए सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें।
यह आदत संक्रमण से बचने में मददगार हो सकती है।
#2
खान-पान पर दें ध्यान
खान-पान का भी संक्रमण से गहरा संबंध होता है। पतझड़ में ताजे और सेहतमंद खाद्य पदार्थों का सेवन करें।
इसके अलावा पानी का सेवन भी बढ़ाएं, क्योंकि यह शरीर को पानी की कमी से बचाने के साथ-साथ कई तरह के संक्रमण को दूर रखता है। साथ ही मौसमी फलों और सब्जियों को अपनी डाइट में शामिल करें।
यह आपकी सेहत के लिए फायदेमंद होगा। गर्माहट देने वाले व्यंजन खाने से फायदा होता है।
#3
बाहर की चीजों को छूने से बचें
पतझड़ में हवा में नमी की मात्रा बढ़ जाती है, जिससे बैक्टीरिया और वायरस तेजी से बढ़ने लगते हैं। इसके कारण संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।
इसलिए, बाहर की चीजों को छूने से बचें और अगर छूना भी पड़े तो हाथों को तुरंत साफ कर लें। इसके अलावा किसी ऐसे व्यक्ति के निकट न जाएं, जो खांसी-बुखार या जुकाम से ग्रस्त हो, क्योंकि उनकी वजह से आपको भी संक्रमण हो सकता है।
#4
खुद की प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत बनाएं
खुद की प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत करना संक्रमण से लड़ने के लिए जरूरी है। इसके लिए अपनी डाइट में विटामिन-C, विटामिन-D, विटामिन-E और जिंक जैसे पोषक तत्वों से भरपूर चीजें शामिल करें।
साथ ही नियमित रूप से व्यायाम करें और रोजाना अच्छी नींद भी लें। योग और ध्यान जैसी गतिविधियों में भाग लेने से भी फायदा होता है।
इसके अलावा खुद को हाइड्रेट रखें और अधिक से अधिक ताजे फलों का सेवन करें।
#5
टीकाकरण कराएं
टीकाकरण संक्रमण से बचने का एक असरदार तरीका है। इसलिए, समय-समय पर अपना और अपने परिवार के सदस्यों का टीकाकरण कराते रहें।
इससे शरीर को कई गंभीर बीमारियों से लड़ने में मदद मिलती है। इसके अलावा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच भी कराएं, ताकि किसी भी बीमारी का समय रहते पता चल सके और उसका इलाज हो सके।
यह आपकी सेहत के लिए फायदेमंद रहेगा।