नवरात्रि के दौरान इस तरह से बनाएं स्वादिष्ट मखाना डोसा, जानिए रेसिपी
क्या है खबर?
नवरात्रि का शुभ अवसर नजदीक है और इस दौरान कई लोग उपवास रखते हैं। अगर आप भी उपवास रखते हैं तो आइए हम आपको मखाना डोसा की रेसिपी बताते हैं, जो न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद है। इसे बनाना बहुत आसान है और इसके लिए आपको ज्यादा समय भी नहीं लगेगा। यह नाश्ते के लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। आइए मखाना डोसा की रेसिपी जानते हैं।
सामग्री
मखाना डोसा बनाने के लिए जरूरी सामग्रियां
एक कटोरी मखाने, आधा कप आलू (उबले और मैश किए हुए), एक चौथाई कप कच्चा केला (उबला और मैश किया हुआ), एक छोटा चम्मच जीरा, दो हरी मिर्च (बारीक कटी हुई), थोड़ा-सा हरा धनिया (बारीक कटा हुआ), सेंधा नमक (स्वादानुसार), देसी घी या तेल (डोसा बनाने के लिए), आधा छोटा चम्मच राई, आधा छोटा चम्मच अदरक का पेस्ट और थोड़ा सिंघाड़े का आटा
स्टेप-1
इस तरह से मखाना डोसा बनाने की करें शुरूआत
सबसे पहले मखानों को मिक्सी में पीसकर पाउडर बना लें। अब एक कटोरे में मखाना पाउडर, उबले हुए आलू और केले को डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद एक पैन में थोड़ा देसी घी या तेल गर्म करें, फिर इसमें जीरा, राई और अदरक का पेस्ट डालें। जब ये मसाले अच्छे से भून जाएं तो इसमें हल्दी पाउडर, हरी मिर्च और हरा धनिया डालकर मिलाएं। अब इस मिश्रण में सेंधा नमक मिलाएं और इसे कुछ देर पकने दें।
स्टेप-2
अब डोसे के लिए तैयार करें घोल
अब एक बड़े बर्तन में दो कप पानी और सेंधा नमक डालकर उसमें मखाना मिश्रण मिलाएं। इसके बाद इसमें थोड़ा-थोड़ा सिंघाड़े का आटा डालते हुए इसे अच्छे से फेंटें। इससे आपका डोसे का घोल तैयार हो जाएगा। अब एक तवे को गर्म करके उस पर थोड़ा-सा देसी घी या तेल फैलाएं। इसके बाद एक करछी मखाना घोल लेकर तवे पर गोल-गोल घुमाते हुए फैलाएं। फिर इसे दोनों तरफ से सुनहरा भूरा होने तक पकाएं।
स्टेप-3
मखाना डोसा को इस तरह से बनाएं स्वादिष्ट
अब बाकी के घोल से भी इसी तरह मखाना डोसे बनाएं। आप चाहें तो इन डोसो को नारियल की चटनी या फिर टमाटर की चटनी के साथ गर्मागर्म परोस सकते हैं। अगर आप चाहें तो इन डोसो को भरके भी बना सकते हैं। इसके लिए आलू, कच्चा केला और पत्तेदार धनिया को मिलाकर भरावन तैयार कर लें, फिर अपने मन मुताबिक डोसे को भरकर परोसें। यकीन मानिए यह नाश्ता आपके पूरे परिवार को बेहद पसंद आएगा।
फायदे
मखाना डोसा खाने के फायदे
मखाना डोसा कई पोषक तत्वों से भरपूर होता है। मखाना में प्रोटीन, फाइबर और एंटी-ऑक्सीडेंट होते हैं, जो शरीर को मजबूती देते हैं। आलू और केला में कार्बोहाइड्रेट होते हैं, जो ऊर्जा प्रदान करते हैं। इस डोसे में इस्तेमाल किया गया नारियल की चटनी भी सेहत के लिए फायदेमंद है क्योंकि नारियल में मौजूद अच्छे फैट्स शरीर के लिए जरूरी होते हैं। इस तरह से यह डोसा आपके स्वास्थ्य के लिए बहुत लाभकारी है।