स्ट्रीट स्टॉल से खा रहे हैं मोमो? ऐसे जानें उनकी गुणवत्ता अच्छी है या नहीं
क्या है खबर?
आजकल मोमो का चलन काफी बढ़ गया है और इसे लोग स्ट्रीट स्टॉल से खरीदना पसंद करते हैं, क्योंकि ये सस्ते होते हैं। हालांकि, हर स्ट्रीट स्टॉल पर मिलने वाले मोमो की गुणवत्ता एक जैसी नहीं होती। कुछ दुकानों पर इस्तेमाल होने वाली सामग्री खराब हो सकती है या फिर इसमें अन्य हानिकारक चीजें मिलाई जा सकती हैं। आइए आज हम आपको कुछ ऐसे तरीके बताते हैं, जिनसे आप स्ट्रीट स्टॉल के मोमो की गुणवत्ता जांच सकते हैं।
#1
स्टॉल के आसपास गंदगी होना
अगर स्टॉल के आसपास बहुत ज्यादा गंदगी हो तो वहां से मोमो न खरीदें। ऐसा होना इस बात का संकेत है कि दुकान वाले सफाई पर कोई ध्यान नहीं देते और ये मोमो कीटाणुओं से भरे हो सकते हैं। यहां तक कि अगर मोमो में कोई कीड़ा भी दिखता है तो उसे खाने की गलती न करें, क्योंकि इससे सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता है। बेहतर होगा कि आप इस तरह के मोमो न खाएं।
#2
दुकान वाले की सफाई पर ध्यान दें
अगर दुकान वाले की सफाई सही नहीं होगी तो वह आपके लिए गंदे हाथों से मोमो बनाने से भी परहेज नहीं करेगा। साफ हाथों से ही मोमो बनाने चाहिए। ऐसे में अगर वह गंदे हाथों से मोमो बना रहा हो तो उसे न खाएं, क्योंकि इससे आपको खाने से जुड़ी बीमारियां हो सकती हैं। इसलिए, स्टॉल से मोमो खरीदने से पहले वहां की सफाई पर जरूर ध्यान दें और अगर सफाई ठीक न लगे तो वहां से कुछ न खाएं।
#3
मोमो को देखें
आमतौर पर स्टॉल वाले मोमो बनाने के लिए सफेद मैदा इस्तेमाल करते हैं, लेकिन कुछ दुकानदार इसे ज्यादा आकर्षक बनाने के लिए इसमें हानिकारक रंग मिला देते हैं। ऐसे मोमो खाने से स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है। इसलिए, मोमो खरीदने से पहले इनका रंग देख लें। अगर मोमो का रंग बहुत ज्यादा चमकीला है तो उसे खरीदने से बचें और ऐसी जगह से मोमो खरीदें, जो सफेद मैदा से बने हों।
#4
मोमो की भाप की जांच करें
अगर आप स्टॉल से मोमो खरीद रहे हैं तो उनकी भाप को जरूर चेक करें। अगर मोमो के ऊपर भाप बनी हुई है तो समझ जाइए कि मोमो ताजा और गर्म हैं, लेकिन अगर मोमोज ठंडे हैं तो इसे न खरीदें। दरअसल, ठंडे मोमो में बैक्टीरिया पनपने की संभावना अधिक होती है। ऐसे मोमो खाने से पेट खराब होने की संभावना भी अधिक हो सकती है। इसलिए, ठंडे और दोबारा गर्म किए गए मोमो खरीदने से बचें।
#5
मोमो की कीमत भी है अहम
अगर आप किसी स्टॉल से मोमो खरीद रहे हैं तो उनकी कीमत पर जरूर ध्यान दें। आजकल बाजार में 10 रुपए के 4 मोमो मिलते हैं, जबकि कुछ दुकानों पर 20 रुपए में 6 मोमोज मिलते हैं। अगर किसी स्टॉल पर 10 रुपए में 4 मोमो मिलते हैं तो उनसे दूरी बना लें, क्योंकि इनमें पड़ी सामग्री अच्छी नहीं होगी। दरअसल, सस्ते मोमो बनाने के लिए घटिया सामग्रियों का इस्तेमाल किया जाता है, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हैं।