LOADING...
सेहतमंद खाद्य पदार्थों में छिपी हो सकती है शक्कर, इन पर न करें आंख मूंदकर भरोसा
शक्कर से भरपूर सेहतमंद खाद्य पदार्थ

सेहतमंद खाद्य पदार्थों में छिपी हो सकती है शक्कर, इन पर न करें आंख मूंदकर भरोसा

लेखन सयाली
Jun 30, 2026
10:05 am

क्या है खबर?

आजकल लोग अपनी डाइट में कई ऐसे खाद्य पदार्थों को शामिल कर लेते हैं, जिन्हें सेहत के लिए अच्छा बताकर बेचा जाता है। ये खाद्य पदार्थ भले ही सेहत के लिए कितने ही अच्छे क्यों न हो, लेकिन इनमें छिपी शक्कर के कारण ये कुछ हद तक नुकसानदायक साबित हो सकते हैं। आइए आज हम आपको कुछ ऐसे ही खाद्य पदार्थों के बारे में बताते हैं, जिनमें छिपी शक्कर होती है।

#1

फ्लेवर वाला दही

दही एक प्रोटीन से भरपूर डेयरी उत्पाद है, जो हड्डियों को मजबूत बनाने वाले कई पोषक तत्वों का भी अच्छा स्रोत है। इससे कई सेहत लाभ मिलते हैं। हालांकि, कई लोग बाजार में मिलने वाले फ्लेवर वाले दही को चुनते हैं, जिसमें शक्कर की मात्रा बहुत अधिक होती है। वे इसे सेहत के लिए अच्छा मानकर खाते हैं। हालांकि, वास्तव में यह दही सेहत के लिए हानिकारक साबित हो सकता है।

#2

ग्रेनोला बार

ग्रेनोला बार्स को भी सेहतमंद खाद्य पदार्थों की श्रेणी में रखा जाता है, जिसे खाने से तुरंत ऊर्जा मिलने का दावा किया जाता है। ये बार ओट्स, सूखे मेवे, बीज और जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। हालांकि, इन बार्स में भी शक्कर की मात्रा अधिक होती है और ये बाजार में आसानी से मिल जाते हैं। इसलिए, इन्हें खरीदते समय सावधानी बरतें और शक्कर की मात्रा को ध्यान में रखें।

Advertisement

#3

पैकेज्ड जूस

आजकल बाजार में कई तरह के फलों के जूस उपलब्ध हैं, जिन्हें सेहतमंद माना जाता है। हालांकि, इनमें भी शक्कर की मात्रा अधिक होती है, जिस कारण इन्हें सेहतमंद नहीं माना जा सकता है। इस तरह के जूस पीने के बजाय घर पर ताजे फलों का जूस बनाकर पीएं, जो प्राकृतिक होगा। इससे न केवल आपको भरपूर पोषण मिलेगा, बल्कि इनमें मौजूद प्राकृतिक शक्कर आपको कोई नुकसान भी नहीं पहुंचाएगी।

Advertisement

#4

ब्राउन ब्रेड

ब्राउन ब्रेड को पुराने समय से सेहतमंद माना जाता रहा है। माना जाता है कि सफेद ब्रेड की तुलना में ब्राउन ब्रेड में कम कैलोरी होती हैं। हालांकि, बाजार में मिलने वाली अधिकतर ब्राउन ब्रेड में भी कृत्रिम मिठास होती है। इस वजह से इनका सेवन सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है। इसलिए, ब्राउन ब्रेड खरीदने से पहले उस पर लिखी जानकारी पर ध्यान दें और अगर इसमें शक्कर हो तो इसे खरीदने से बचें।

#5

सलाद ड्रेसिंग

सलाद को सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है और इस पर ड्रेसिंग का इस्तेमाल कर लोग इसे और भी स्वादिष्ट बना देते हैं। हालांकि, अगर आप इस ड्रेसिंग को घर पर नहीं बनाते हैं और बाजार से खरीदकर लाते हैं तो इसमें शक्कर की मात्रा अधिक हो सकती है। ऐसे में बेहतर होगा कि आप घर पर ही सलाद ड्रेसिंग बनाएं। इससे न केवल आपकी सेहत बनी रहेगी, बल्कि आप स्वाद का भी आनंद ले सकेंगे।

Advertisement