सूरज के संपर्क में ज्यादा रहने से त्वचा हो गई काली? इन फेस पैक को लगाएं
क्या है खबर?
सूरज की गर्मी और यूवी किरणें त्वचा के लिए काफी नुकसानदायक होती हैं। अगर आप सूरज के संपर्क में ज्यादा रहती हैं तो इससे आपका चेहरा काला पड़ सकता है। इसके अलावा सूरज के संपर्क में ज्यादा रहने से त्वचा पर झुर्रियां और उम्र से पहले बढ़ने के लक्षण भी दिखाई देने लगते हैं। आइए आज हम आपको कुछ ऐसे फेस पैक की विधि बताते हैं, जो त्वचा के कालेपन को दूर करने में मदद कर सकते हैं।
#1
टमाटर और नींबू का फेस पैक
सामग्री: एक टमाटर और एक चम्मच नींबू का रस। फेस पैक बनाने और लगाने का तरीका: सबसे पहले टमाटर को पीसकर उसका पेस्ट बना लें। अब इस पेस्ट में नींबू का रस मिलाएं, फिर इस मिश्रण को अपने चेहरे पर लगाएं और 15 मिनट के बाद चेहरे को ठंडे पानी से धो लें। लाभ: टमाटर में एक खास तत्व होता है, जो त्वचा को सूरज की हानिकारक किरणों से बचाने में मदद कर सकता है।
#2
दही और बेसन का फेस पैक
सामग्री: एक बड़ी चम्मच बेसन, एक बड़ी चम्मच दही और आधी छोटी चम्मच हल्दी। फेस पैक बनाने और लगाने का तरीका: एक कटोरी में इन सभी सामग्रियों को मिलाकर एक गाढ़ा पेस्ट बना लें, फिर इस पेस्ट को अपने चेहरे पर लगाएं और जब यह सूख जाए तो चेहरे को ठंडे पानी से धो लें। लाभ: यह फेस पैक त्वचा को नरम बनाने और सूरज की किरणों से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद कर सकता है।
#3
एलोवेरा और शहद का फेस पैक
सामग्री: एक बड़ी चम्मच एलोवेरा जेल और एक छोटी चम्मच शहद। फेस पैक बनाने और लगाने का तरीका: सबसे पहले एक कटोरी में दोनों सामग्रियों को डालकर अच्छे से मिलाएं। अब इस मिश्रण को अपने चेहरे पर लगाकर छोड़ दें, फिर 15 मिनट के बाद चेहरे को ठंडे पानी से धो लें। लाभ: यह फेस पैक त्वचा को पोषण देने के साथ-साथ सूरज की हानिकारक किरणों से होने वाले नुकसान से बचाने में भी मदद कर सकता है।
#4
आलू का फेस पैक
सामग्री: आलू। फेस पैक बनाने और लगाने का तरीका: एक छोटे आकार वाले आलू को कदूकस करके उसका रस निकाल लें। अब इस रस को रुई की मदद से अपने चेहरे पर लगाएं और 10 मिनट के बाद चेहरे को ठंडे पानी से धो लें। लाभ: आलू में मौजूद तत्व सूरज की हानिकारक किरणों से होने वाले नुकसान को दूर करने में मदद कर सकते हैं।
#5
दूध और चावल का फेस पैक
सामग्री: एक बड़ी चम्मच चावल का पाउडर और एक चम्मच दूध। फेस पैक बनाने और लगाने का तरीका: एक कटोरी में दोनों सामग्रियों को डालकर अच्छे से मिलाएं। अब इस मिश्रण को अपने चेहरे पर लगाकर छोड़ दें, फिर जब फेस पैक सूख जाए तो चेहरे को ठंडे पानी से धो लें। लाभ: यह फेस पैक त्वचा के कालेपन को दूर करने, मुलायम बनाने और चमकदार बनाने में मदद कर सकता है।