हृदय रोगी इन 5 खाद्य पदार्थों का न करें सेवन, बिगड़ सकती है तबीयत
क्या है खबर?
हृदय रोग से जूझ रहे लोगों के लिए खान-पान का ध्यान रखना बहुत जरूरी है। कुछ खाद्य पदार्थ ऐसे होते हैं, जिनका सेवन करने से हृदय की सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है। इस कारण हृदय रोगियों को इनसे दूरी बनाकर रखनी चाहिए। आइए आज हम आपको पांच ऐसे खाद्य पदार्थों के बारे में बताते हैं, जिनका सेवन हृदय रोगियों के लिए हानिकारक हो सकता है।
#1
ज्यादा नमक वाली चीजें
ज्यादा नमक वाली चीजें खाने से रक्तचाप बढ़ सकता है, जो हृदय रोगियों के लिए खतरनाक है। नमक में सोडियम होता है, जो खून के गाढ़ेपन को बढ़ा सकता है और इससे दिल का दौरा पड़ने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए हृदय रोगियों को ज्यादा नमक का सेवन करने से बचना चाहिए। इसके अलावा सोडियम की अधिक मात्रा हृदय की धड़कन को भी प्रभावित कर सकती है।
#2
ज्यादा मीठी चीजें
ज्यादा मीठी चीजों का सेवन भी हृदय रोगियों के लिए हानिकारक हो सकता है। ज्यादा मीठा खाने से खून में शक्कर का स्तर बढ़ता है, जिससे इंसुलिन का उत्पादन भी बढ़ता है और इससे मोटापा, मधुमेह और हृदय रोगों का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए हृदय रोगियों को ज्यादा मीठी चीजों से दूरी बना लेनी चाहिए। बेहतर होगा कि हृदय रोगी प्राकृतिक मिठास वाले फलों का सेवन करें।
#3
तले-भुने खाद्य पदार्थ
तले-भुने खाद्य पदार्थों में हानिकारक चर्बी की मात्रा ज्यादा होती है, जो हृदय के लिए नुकसानदायक है। ये चर्बी रक्तचाप बढ़ाने, धमनियों को नुकसान पहुंचाने और दिल के दौरे का खतरा बढ़ाने का काम करती है। इसलिए हृदय रोगियों को ज्यादा तले-भुने खाद्य पदार्थ नहीं खाने चाहिए। इसके अलावा तले-भुने खाद्य पदार्थों में कैलोरी भी अधिक होती है, जो मोटापे का कारण बन सकती है।
#4
पैकेज्ड फूड्स
पैकेज्ड फूड्स जैसे पैकेट वाले स्नैक्स, डिब्बाबंद सब्जियां आदि भी हृदय रोगियों के लिए हानिकारक हो सकते हैं। इनमें ज्यादा मात्रा में नमक, चीनी और प्रिजर्वेटिव्स होते हैं, जो शरीर में सूजन पैदा कर सकते हैं। इससे हृदय की धमनियों पर दबाव पड़ता है और दिल की बीमारियां हो सकती हैं। इसके अलावा पैकेज्ड फूड्स में पोषक तत्वों की कमी होती है, जो हृदय की सेहत के लिए ठीक नहीं है।
#5े
ज्यादा कैफीन वाली चीजें
चाय-कॉफी पीना हर किसी को पसंद होता है, लेकिन इनका अधिक सेवन खासकर हृदय रोगियों के लिए मुसीबत बन सकता है। चाय-कॉफी में मौजूद कैफीन तेजी से दिल की धड़कनें बढ़ा सकता है, जिससे कई तरह की समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए हृदय रोगियों को ज्यादा चाय-कॉफी पीने से बचना चाहिए। बेहतर होगा कि वे हर्बल चाय या फिर बिना कैफीन वाली कॉफी का सेवन करें, जो उनके लिए सुरक्षित हैं।