घर पर रेलवे स्टाइल आलू कटलेट बनाने के लिए अपनाएं ये आसान रेसिपी, बेहतरीन होगा स्वाद
क्या है खबर?
जब भी हम रेल यात्रा करते हैं तो उसमें मिलने वाले खाने का मजा जरूर लेते हैं। इस दौरान सबसे ज्यादा इंतजार जिस व्यंजन को खाने का होता है, वह है आलू वाले कटलेट। रेलवे वाले आलू कटलेट का स्वाद ही कुछ खास होता है, जो आपको कहीं और नहीं मिल सकता। हालांकि, हर बार इन्हें खाने के लिए रेल यात्रा तो संभव नहीं है। ऐसे में आप इन्हें इस रेसिपी का पालन करके अपने घर पर बना सकते हैं।
सामग्रियां
आलू के कटलेट बनाने के लिए जरूरी चीजें
रेलवे स्टाइल आलू के कटलेट बनाने के लिए आपको 3 उबले हुए आलू, 2 ब्रेड स्लाइस, एक बड़ा चम्मच हरी मिर्च का पेस्ट, एक छोटा चम्मच जीरा, एक छोटा चम्मच धनिया पाउडर, आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, नमक (स्वादानुसार), ब्रेड का चूरा, तेल (तलने के लिए), आधा छोटा चम्मच गरम मसाला, आधा छोटा चम्मच अमचूर पाउडर, धनिया, हरी चटनी, गाजर और मटर चाहिए होंगे।
#1
ऐसे करें रेसिपी की शुरूआत
सबसे पहले उबले हुए आलू को एक बर्तन में डालकर अच्छे से मैश कर लें। इसके बाद एक अलग बर्तन में ब्रेड के टुकड़े डालकर उन्हें पानी में भिगो दें, फिर उन्हें निचोड़कर एक प्लेट में रख दें। अब गैस पर एक पैन रखकर उसमें थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें जीरा डालें। जब जीरा भुन जाए तो इसमें हरी मिर्च, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर, नमक, गरम मसाला, अमचूर और हरी धनिया डालकर इसे अच्छे से मिलाएं।
#2
तैयार करें मिश्रण
अब पैन में मैश किए हुए आलू, बारीक कटी गाजर और मटर डालें और इसे कम से कम 5 मिनट तक पकाएं। इसके बाद गैस बंद करके मिश्रण को ठंडा होने के लिए रख दें। जब मिश्रण ठंडा हो जाए तो इसमें ब्रेड के टुकड़े और हरा धनिया डालकर इसे अच्छे से मिलाएं। इसके बाद मिश्रण से छोटे-छोटे गोले बनाएं और उन्हें चपटा कर दें। अब ब्रेड के चूरे को एक प्लेट में डालकर उसमें कटलेट को लपेटें।
#3
ऐसे दें आलू के कटलेट को अंतिम रूप
अब एक कढ़ाई में तेल गर्म करके उसमें कटलेट को दोनों तरफ से सुनहरा होने तक तल लें। इसके बाद कटलेट को एक प्लेट में निकाल लें और उन पर हरा धनिया डालकर गर्मा-गर्म परोसें। आप चाहें तो इस व्यंजन को हरी चटनी और टोमैटो सॉस के साथ परोस सकते हैं। यकीनन यह व्यंजन आपके घर के सभी सदस्यों को बेहद पसंद आएगा। इस तरह आप घर पर ही रेलवे स्टाइल आलू के कटलेट का आनंद ले सकते हैं।