होली को पर्यावरण अनुकूल मनाने के लिए अपनाएं ये तरीके, मजा भी आएगा
क्या है खबर?
होली का त्योहार रंगों का त्योहार है। इस दिन लोग एक-दूसरे के साथ जमकर खेलते हैं और तरह-तरह के पकवान खाते हैं। हालांकि, इस मौके पर कई लोग ऐसे रंगों का इस्तेमाल कर लेते हैं, जो त्वचा और बालों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसके अलावा पानी की बर्बादी भी होती है, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। ऐसे में इस बार होली पर पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए इन पांच तरीकों को अपनाएं।
#1
फूलों का इस्तेमाल करें
होली पर गुलाल और अबीर की बजाय फूलों का इस्तेमाल करें। कई फूलों की खुशबू त्वचा को ठंडक पहुंचाने और ताजगी देने में मदद कर सकती है। इसके अलावा फूलों के इस्तेमाल से त्वचा को कोई नुकसान भी नहीं पहुंचता है। ऐसे में आप गुलाब, गेंदा, चंपा, मोगरा और चमेली जैसे फूलों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इन फूलों से होली खेलने से पर्यावरण को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचेगा।
#2
प्राकृतिक रंग बनाकर करें इस्तेमाल
अगर आप फूलों का इस्तेमाल नहीं करना चाहते हैं तो खुद से प्राकृतिक रंग बनाकर होली खेलें। इसके लिए आप पालक, गाजर, चुकंदर, हल्दी और नींबू आदि का इस्तेमाल कर सकते हैं। ये रंग न केवल त्वचा को कोई नुकसान नहीं पहुंचाते हैं बल्कि बालों को पोषण देने और उन्हें चमकदार भी बना सकते हैं। इन रंगों को बनाने के लिए फूलों को पीसकर उनका पेस्ट बना लें, फिर उसमें थोड़ा बेसन मिलाएं और होली के लिए तैयार हो जाएं।
#3
होली पर न करें अधिक पानी का इस्तेमाल
होली पर अधिक पानी का इस्तेमाल करने से बचें। इस त्योहार पर लोग पिचकारी और गुब्बारों का इस्तेमाल करते हैं और इनसे बहुत सारा पानी बर्बाद हो जाता है। ऐसे में आप चाहें तो गुब्बारे और पिचकारी की बजाय बाल्टी और मग का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा आप बाल्टी में पानी भरकर उसमें थोड़े रंग के फूल डालकर उनका इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे भी आप पर्यावरण को सुरक्षित रख सकते हैं।
#4
खान-पान में बरतें सावधानी
होली के मौके पर तरह-तरह के पकवान बनते हैं और लोग उन्हें बड़े ही चाव से खाते हैं। ऐसे में खान-पान में थोड़ी सावधानी बरतना जरूरी है। बेहतर होगा कि आप ताजा खाना बनाएं और उसमें हानिकारक चीजों का इस्तेमाल न करें। इसके अलावा बाजार से मिलने वाले खाद्य पदार्थ खाने से बचें। घर पर ही ताजे और सेहतमंद खाद्य पदार्थ बनाकर खाएं। इस तरह आप त्योहार का आनंद भी ले सकेंगे और सेहत का भी ध्यान रख सकेंगे।
#5
अपने आस-पास रखें साफ-सफाई
होली पर अपने आसपास साफ-सफाई रखना भी जरूरी है क्योंकि इससे पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सकता है। कई लोग होली खेलने के बाद अपने आस-पास सफाई नहीं करते हैं और गली में रंग ही रंग रहता है, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। ऐसे में आप होली खेलने के बाद अपने आसपास सफाई रखें ताकि पर्यावरण सुरक्षित रह सके। इसके अलावा अपने घर के आसपास कोई भी गंदगी न फैलने दें।