केरलम की मालाबार करी खा कर घर वाले हो जाएंगे खुश, जानिए इसे बनाने की रेसिपी
क्या है खबर?
केरलम के खाने में मसालों का खास ध्यान रखा जाता है और यहां का पारंपरिक व्यंजन मालाबार करी भी इससे अलग नहीं है। यह तटीय मालाबार क्षेत्र का नारियल से भरपूर व्यंजन है, जिसे आम तौर पर मांसाहारी बनाया जाता है। हालांकि, इसका शाकाहारी वर्जन भी लोगों के मन को भाता है। इसे आप अपने घर वालों को बनाकर खिला सकते हैं और उनका दिल जीत सकते हैं। आइए आज हम आपको शाकाहारी मालाबार करी की रेसिपी बताते हैं।
सामग्री
मालाबार करी के लिए जरूरी चीजें
मालाबार करी बनाने के लिए आपको कुछ साधारण सामग्रियों की जरूरत पड़ेगी, जैसे कि एक से 2 चम्मच नारियल तेल, 5 से 6 करी पत्ते, 2 से 3 हरी मिर्च, बारीक कटा हुआ एक प्याज, 2 बड़े चम्मच अदरक और लहसुन का पेस्ट, आधा चम्मच हल्दी, आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, नमक, आधा चम्मच धनिया पाउडर, काली मिर्च का पाउडर, एक से 2 बारीक कटे टमाटर, एक कप नारियल का दूध, राई, हींग और आपकी पसंद की कोई भी सब्जियां।
#1
मसालों को भूनने से करें शुरूआत
सबसे पहले एक पैन में थोड़ा नारियल तेल गर्म करें और उसमें करी पत्ता, राई और हींग डालें। जब ये मसाले चटकने लगें तो प्याज, अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालकर भूनें। अब इसमें टमाटर डालें और जब तक वह नरम न हो जाए तब तक उन्हें पकने दें। इसके बाद इसमें हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और अन्य पसंद के मसाले डालकर अच्छी तरह से भून लें, जब तक तेल न अलग हो।
#2
सब्जियों को करें शामिल
जब मसाले अच्छी तरह भुन जाएं तो इसमें फूलगोभी, गाजर और हरी मटर जैसी सब्जियां डालकर कुछ मिनट तक पकाएं। सब्जियों के हल्के नरम होने के बाद बर्तन का ढक्कन बंद करके सब्जियों को और पक जाने दें। इस दौरान समय-समय पर करी को चेक करते रहें, ताकि वह जल न जाए। जब सब्जियां नरम हो जाएं तो इसमें नारियल का दूध डालकर अच्छी तरह मिलाएं और कुछ मिनट तक और पकाएं।
#3
मालाबार करी को ऐसे परोसें
अब आपकी मालाबार करी तैयार हो चुकी है। इसे गर्मा-गर्म परोसें और रोटी, नान या चावल के साथ इसका आनंद लें। यह करी न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद है और आपके खाने की मेज पर एक अलग ही रंग लाएगी। इस करी को बनाने में जितना मजा आता है, उतना ही खाने में स्वाद भी मिलता है। आप इसे डोसा या अप्पम आदि के साथ भी खा सकते हैं।