गणेश चतुर्थी पर बनाएं पूरन पोली, स्वाद ऐसा कि भूलना होगा मुश्किल
क्या है खबर?
इस साल गणेश चतुर्थी का त्योहार बड़े ही धूम-धाम से मनाया जा रहा है। महाराष्ट्र में इस त्योहार की धूम बाकी किसी भी त्योहार से ज्यादा होती है और इस दौरान भगवान गणेश को बप्पा बुलाकर घर लाया जाता है। बप्पा के पसंदीदा व्यंजनों में पूरन पोली शामिल है। अगर आप अपने घर के गणपति बप्पा के लिए पूरन पोली बनाना चाहते हैं तो आइए इसकी आसान रेसिपी जानते हैं।
#1
सबसे पहले तैयार करें पूरन
सबसे पहले एक पैन में दाल को पानी के साथ उबालें, फिर इसे छानकर एक कटोरे में डालें। अब दाल को 2 से 3 मिनट तक ठंडा होने दें, फिर इसे मिक्सी में पीसें।
इसके बाद एक कढ़ाई में पिसी हुई दाल, इलायची पाउडर और गुड़ डालकर इसे 5 से 6 मिनट तक पकाएं। फिर मिश्रण को एक प्लेट में निकालकर ठंडा करें।
अब इसमें घी मिलाएं और चम्मच से मसलें।
#2
अब बनाएं आटा
आटे के लिए एक बड़े कटोरे में 2 कप गेहूं का आटा, थोड़ा-सा नमक, एक चम्मच घी और थोड़ा पानी डालकर अच्छे से मिलाएं। अब इस मिश्रण में थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें।
इसके बाद आटे को 10 मिनट के लिए ढककर रख दें। इस दौरान आप पूरन पोली के अन्य तैयारियों में लग सकते हैं।
आटा अगर आप चाहें तो मैदे से भी गूंध सकते हैं या फिर किसी अन्य आटे का इस्तेमाल कर सकते हैं।
#3
पूरन पोली को बनाने का तरीका
सबसे पहले गूंथे आटे में से थोड़ा-सा हिस्सा लेकर लोई बनाएं, फिर इसे बेलन से गोल और पतला बेल लें। अब इसमें थोड़ा-सा पूरन का मिश्रण डालें और इसे चारों ओर से बंद करके फिर से बेल लें।
इसी तरह बाकी की पूरन पोली भी तैयार कर लें। इसके बाद एक तवे को गर्म करके उस पर घी फैलाएं, फिर एक-एक करके पूरन पोली को तवे पर डालकर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक पकाएं।
#4
ऐसे पूरन पोली का करें सेवन
गणेश चतुर्थी के दौरान बनाई गई पूरन पोली को गर्मा-गर्म परोसें। इसे आप चाय या फिर दूध के साथ परोस सकते हैं।
यह पोली गणेश चतुर्थी के दौरान तो बनाई ही जाती है, लेकिन इसे आप किसी भी त्योहार पर बना सकते हैं। यह स्वाद में बेहद लाजवाब है और पौष्टिक भी है।
इस मिठाई को बनाने के लिए आप सूखा नारियल भी डाल सकते हैं। इसे घी लगाकर खाएं और श्रीखंड आदि के साथ इसका आनंद लें।