गोवा की खास तरह की ब्रेड है काकोन, जिसे घर पर बनाना है बेहद आसान
क्या है खबर?
गोवा में एक खास तरह की ब्रेड का सेवन किया जाता है, जिसे काकोन कहते हैं। यह ब्रेड डोनट के आकार की होती है और इसे 'बैंगल ब्रेड' भी कहते हैं, क्योंकि यह कड़े जैसी दिखती है। यह एक कड़क ब्रेड होती है, जिसे गोवा के लोग अपनी शाम की चाय के साथ खाना पसंद करते हैं। आज के लेख में हम आपको इस ब्रेड की आसान रेसिपी बताएंगे, ताकि आप घर बैठे भी इसका आनंद ले सकें।
सामग्रियां
काकोन के लिए जरूरी सामग्री
काकोन एक देसी ब्रेड है, लिहाजा इसके लिए आपको किसी अनोखी सामग्री की जरूरत नहीं पड़ेगी। आप अपनी रसोई में उपलब्ध चीजों का इस्तेमाल करके आसानी से इसे तैयार कर सकते हैं। इसके लिए आपको 2 कप मैदा, एक चम्मच सक्रिय सूखा खमीर, आधा कप गुनगुना पानी, एक चुटकी चीनी और आधा चम्मच नमक चाहिए होगा। आप सामग्रियों की मात्रा इस बात से तय कर सकते हैं कि आप इसे कितने लोगों के लिए बना रहे हैं।
#1
खमीर सक्रीय करने से करें शुरूआत
काकोन ब्रेड बनाने के लिए सबसे पहले आपको खमीर को सक्रीय करना होगा। इसके लिए एक कटोरे में गुनगुना पानी लें और उसमें खमीर को डालकर अच्छी तरह मिला दें। इसमें चीनी भी शामिल कर दें और 5 से 10 मिनट के लिए रख दें, ताकि यह मिश्रण फूलकर दोगुना हो जाए। इससे पता चलता है कि खमीर उठ चुका है और आप ब्रेड बनाने की आगे की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं।
#2
आटा गूंधें
खमीर वाले मिश्रण को अपने जिस कटोरे में रखा था, उसी में छन्नी की मदद से छानते हुए मैदा डाल दें। अब इसी बर्तन में नमक डालें और सभी चीजों को हल्के हाथों से अच्छी तरह मिला दें। इस मिश्रण को हाथों की मदद से गूंधें, जब तक कि यह मुलायम और फूला हुआ न हो जाए। इसके दौरान आप अपने हाथों को गीला भी कर सकते हैं, ताकि काम आसान हो।
#3
काकोन को बेक करें
आटा गूंधने के बाद उसे एक घी या तेल लगे कटोरे में रखें। इसके ऊपर अच्छी तरह से प्लास्टिक रैप लपेट दें, ताकि यह पूरी तरह से ढक जाए। इसे ऐसे ही एक घंटे रखें और फिर बराबर भादों में बांटकर बेलना शुरू करें। इन्हें पहले गोल बनाएं और फिर बीच में छेद करके बेकिंग ट्रे पर रख दें। इन काकोन को ओवन में बेक करें और फिर अपनी पसंद के व्यंजन के साथ इनका आनंद लें।