LOADING...
गर्मी को मात देगा दिल्ली का मशहूर 'मोहब्बत का शरबत', जानिए इसकी आसान रेसिपी
मोहब्बत का शरबत की रेसिपी

गर्मी को मात देगा दिल्ली का मशहूर 'मोहब्बत का शरबत', जानिए इसकी आसान रेसिपी

लेखन सयाली
Apr 07, 2026
01:16 pm

क्या है खबर?

गर्मियों में ठंडे-ठंडे पेय पीने का मजा ही अलग होता है। ऐसा ही एक ताजगी देने वाला पेय पुरानी दिल्ली की सड़कों पर मिलता है, जिसे 'मोहब्बत का शरबत' कहा जाता है। यह गुलाबी रंग का दूध वाला पेय तरबूज और गुलाब शरबत से बनाया जाता है। आपको इसे पीने के लिए दिल्ली जाने की जरूरत नहीं है, क्योंकि इसे घर पर भी मिनटों में बनाया जा सकता है। आइए इस खास पेय की आसान रेसिपी जान लेते हैं।

सामान

मोहब्बत का शरबत बनाने के लिए जरूरी चीजें

मोहब्बत का शरबत बनाने के लिए बेहद साधारण सामग्री की जरूरत होती है, जो किसी भी दुकान पर आसानी से मिल जाएगी। इसके लिए आपको एक कप छोटे टुकड़ों में कटे हुए तरबूज, आधा कप पिसी हुई चीनी, एक कप दूध, कुछ बर्फ के टुकड़े, 4 चम्मच गुलाब का शरबत और सब्जा या चिया के बीज चाहिए होंगे। आप जितने लोगों के लिए यह पेय बना रहे हैं उस हिसाब से सामग्रियों की मात्रा बढ़ा लें।

#1

दूध उबालें

दूध ही मोहब्बत के शरबत का आधार होता है, जिसे ठंडा इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि, पेय तैयार करने से पहले एक कटोरे में दूध डालकर उसे अच्छी तरह से उबाल लें। इससे दूध का कच्चा स्वाद कम हो जाता है और पेय ज्यादा स्वादिष्ट बनता है। इसके बाद दूध को आंच से उतारकर हल्का ठंडा हो जाने दें। इस प्रक्रिया के बाद उसे फ्रिज में रख दें, ताकि वह पूरी तरह से ठंडा हो जाए।

Advertisement

#2

चीनी और गुलाब का शरबत मिलाएं

जब दूध अच्छी तरह से ठंडा हो जाए तब इसमें पिसी चीनी शामिल करें और अच्छी तरह से घोल लें। अगर आप चाहें तो उबालते समय भी इसमें चीनी डालकर मिला सकते हैं, ताकि वह अच्छी तरह से घुल जाए। इसके बाद इसमें गुलाब का शरबत डालें और हल्के हाथों से लगातार मिलाते रहें। यह आपके मोहब्बत के शरबत को उसका असली स्वाद प्रदान करेगा और इसे बेहद लजीज भी बना देगा।

Advertisement

#3

तरबूज शामिल करें

मोहब्बत के शरबत को जो चीज खास बनाती है, वह है तरबूज का फल। इसमें तरबूज के टुकड़ों को डालें और अच्छी तरह मिला लें। इसके बाद इसमें भीगे हुए सब्जा या चिया के बीज भी शामिल करें। हालांकि, यह स्टेप वैकल्पिक है। तरबूज इसमें ताजगी जोड़ देता है, एक खास स्वाद प्रदान करता है और इसकी मिठास को भी बढ़ा देता है। इसे शामिल करने से यह पेय और भी ज्यादा हाइड्रेटिंग बन जाता है।

Advertisement