गर्मियों में ठंडक का एहसास पाने के लिए बनाएं सीताफल की आइसक्रीम, आसान है रेसिपी
क्या है खबर?
गर्मियों में ठंडे-ठंडे खाने का मजा हर किसी को पसंद आता है। ऐसे खाने में आइसक्रीम का नाम सबसे पहले आता है। वैसे तो बाजार में कई तरह की आइसक्रीम मिलती हैं, लेकिन घर में बनी आइसक्रीम का मजा ही कुछ अलग होता है। आइए आज हम आपको सीताफल की आइसक्रीम की रेसिपी बताते हैं, जो न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता।
सामग्री
सीताफल आइसक्रीम के लिए जरूरी सामान
सीताफल आइसक्रीम बनाने के लिए आपको एक कप मलाई, एक कप गाढ़ा दूध, 3 चौथाई कप चीनी, एक छोटा चम्मच वनीला एसेंस, 2 से 3 सीताफल, थोड़ी मात्रा में सूखे मेवे (बादाम, पिस्ता, काजू और किशमिश) और एक बड़ा चम्मच नींबू का रस चाहिए होगा। ध्यान दें कि आप अपनी पसंद के अनुसार इन सामग्रियों की मात्रा को कम या ज्यादा भी कर सकते हैं।
इसमें आप अन्य चीजें मिलाकर भी इसे तैयार कर सकते हैं।
#1
इस तरह से आइसक्रीम बनाने की करें शुरूआत
इस लजीज आइसक्रीम को बनाने के लिए सबसे पहले एक मिक्सर के जार में मलाई, गाढ़ा दूध, चीनी, नींबू का रस और वनीला एसेंस डालकर अच्छे से फेंट लें।
इसके बाद इस मिश्रण को एक एयरटाइट डिब्बे में डालकर 5-6 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें। अगर आपके पास मिक्सर नहीं है तो आप इन सामग्रियों को एक कटोरे में डालकर हाथ से भी फेंट सकते हैं।
इससे एक मलाईदार यानि क्रीमी मिश्रण तैयार हो जाएगा।
#2
सीताफल को इस तरह से करें तैयार
अब 2 से 3 पके हुए सीताफलों को बीच से काटकर उनके बीज निकाल दें। यह थोड़ा मुश्किल काम लग सकता है, जो थोड़ा समय भी ले सकता है।
इसके बाद एक चाकू की मदद से सीताफलों का गूदा निकालकर एक कटोरे में डाल दें। अगर आपके पास चाकू न हो तो सीताफलों का गूदा निकालने के लिए चम्मच का इस्तेमाल करें।
आखिर में सीताफलों के गूदे को मिक्सर में डालकर अच्छे से फेंट लें।
#3
आइसक्रीम को ऐसे दें अंतिम रूप
अब फ्रिज से एयरटाइट डिब्बा निकालकर इसमें सीताफल का गूदा डालें, फिर इसके ऊपर सूखे मेवे डालकर इसे एक घंटे के लिए फ्रीजर में रख दें।
इसके बाद इस मिश्रण को फ्रीजर से निकालकर एक एयरटाइट डिब्बे में भरें, फिर इस पर कद्दूकस की हुई चॉकलेट और काजू के टुकड़े डालें।
आखिर में डिब्बे को फ्रीजर में 2 घंटे के लिए रखने के बाद इसे बाहर निकालें। अब आइसक्रीम को स्कूप से काटकर परोसें।