शाम की भूख मिटाने के लिए बनाकर पिएं बटरनट स्क्वाश सूप, बीमारियों से रहेंगे दूर
क्या है खबर?
सर्दियों का मौसम कई लोगों को पसंद आता है क्योंकि इस समय बाजार में कई तरह की सब्जियां आसानी से मिलती हैं। इन्हीं सब्जियों में से एक है बटरनट स्क्वाश, जिसे मीठा कदू भी कहा जाता है। बटरनट स्क्वाश का सूप न केवल शरीर को गर्माहट देता है, बल्कि इसमें कई जरूरी पोषक तत्व भी होते हैं। यह सूप स्वादिष्ट और सेहतमंद होता है। आइए इसे बनाने की आसान रेसिपी जानते हैं।
सामग्री
बटरनट स्क्वाश सूप बनाने के लिए जरूरी चीजें
बटरनट स्क्वाश सूप बनाने के लिए सभी जरूरी चीजें पास की किसी दुकान में मिल जाएंगी। इसके लिए आपको एक बटरनट स्क्वाश (छोटे टुकड़ों में काटा हुआ), एक प्याज (बारीक कटा हुआ), 3 लहसुन की कलियां (बारीक कटी हुई), एक चम्मच अदरक का पेस्ट, आधा चम्मच जीरा, आधा चम्मच धनिया पाउडर, एक चौथाई चम्मच हल्दी पाउडर, स्वादानुसार नमक, एक चुटकी काली मिर्च पाउडर, एक चम्मच नींबू का रस, थोड़ा ताजा धनिया (बारीक कटा हुआ) और एक कप पानी चाहिए होगा।
रेसिपी
बटरनट स्क्वाश सूप बनाने का तरीका
सबसे पहले एक पैन में तेल गर्म करें और उसमें जीरा डालकर हल्का भूनें। फिर इसमें प्याज, लहसुन और अदरक का पेस्ट डालें और भूनें।
इसके बाद हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर और नमक डालें। इसमें बटरनट स्क्वाश के टुकड़े डालें और एक कप पानी मिलाकर पैन को ढक दें।
जब बटरनट स्क्वाश नरम हो जाए तो इसे ठंडा करके मिक्सर में पीस लें। इसको वापस पैन में डालें और पानी मिलाकर पकाएं। इसमें नींबू का रस और धनिया डालें।
फायदे
बटरनट स्क्वाश सूप के फायदे
बटरनट स्क्वाश का सूप विटामिन-A, विटामिन-C और पोटेशियम से भरपूर होता है। ये पोषक तत्व शरीर की रोगों से लड़ने की क्षमता को बढ़ाते हैं और सर्दियों में होने वाले संक्रमण से बचाने में मदद करते हैं।
इसमें मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट शरीर में सूजन को कम करने और त्वचा को निखारने में मदद करते हैं। यह सूप पाचन को भी सुधारता है।
सर्दियों में इसे अपनी डाइट में शामिल करना न केवल सेहत के लिए फायदेमंद है, बल्कि स्वादिष्ट भी है।
अन्य पकवान
बटरनट स्क्वाश के अन्य पकवान
अगर आपको बटरनट स्क्वाश का सूप पसंद आया तो यकीनन आपको इससे बने अन्य पकवान भी अच्छे लगेंगे। आप इस सब्जी से रोस्टेड बटरनट स्क्वाश बना सकते हैं, जिसे रोटी या ब्रेड के साथ खा कर दिल खुश हो जाएगा।
कुछ लोग पतझड़ के दौरान अपने मैक एंड चीज में भी इसे शामिल करना पसंद करते हैं। इस सब्जी से बना रिसोटो इटली के लोगों का पसंदीदा है, जिसका स्वाद आपको भी जरूर पसंद आएगा।