मानसून के दौरान जरूर पिएं जायफल की चाय, जानें इसकी रेसिपी
क्या है खबर?
मानसून का मौसम उमस और नमी के साथ कई बीमारियों को भी दावत देता है। ऐसे में खुद को इनसे सुरक्षित रखने और ताजगी देने में जायफल की चाय का सेवन फायदेमंद हो सकता है। जायफल की चाय में मौजूद खास तत्व रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूती देने के साथ-साथ शरीर को तरोताजा रखने में भी मदद कर सकते हैं। आइए जायफल की चाय की रेसिपी जानते हैं।
सामग्रियां
जायफल की चाय बनाने के लिए इन चीजों की है जरूरत
जायफल की चाय बनाने के लिए आपको एक चौथाई चम्मच जायफल का पाउडर, एक कप पानी, एक चौथाई चम्मच चायपत्ती, एक चुटकी दालचीनी का पाउडर, एक चुटकी इलायची का पाउडर, स्वादानुसार शहद और थोड़ा दूध (वैकल्पिक) चाहिए होगा।
अगर आपके पास जायफल का पाउडर नहीं है तो आप इसे घर पर भी बना सकते हैं। इसके लिए जायफल को मिक्सी में बारीक पीस लें।
स्टेप-1
इस तरह से जायफल की चाय बनाने की करें शुरूआत
सबसे पहले एक पैन में पानी डालकर उसे उबालने के लिए रखें, फिर इसमें चायपत्ती डालें और जब पानी में उबाल आ जाए तो इसमें जायफल पाउडर, दालचीनी का पाउडर और इलायची का पाउडर मिलाएं।
अब मिश्रण को एक उबाला दिलाएं और जब यह अच्छे से उबल जाए तो गैस बंद करके इसे 5 से 7 मिनट के लिए ढककर रखें।
इसके बाद चाय को छानकर एक कप में डालें और इसमें शहद और थोड़ा दूध मिलाकर इसका सेवन करें।
फायदे
जायफल की चाय पीने के फायदे
जायफल की चाय का सेवन कई स्वास्थ्य लाभ दे सकता है। उदाहरण के लिए यह चाय पाचन क्रिया को ठीक रखने में मदद कर सकती है।
इसके अलावा यह चाय इम्यूनिटी को मजबूत करने में भी सहायक हो सकती है। मानसून के दौरान जब नमी और उमस अधिक होती है तो शरीर को संक्रमण का खतरा अधिक रहता है, ऐसे में जायफल की चाय का सेवन शरीर को संक्रमण से सुरक्षित रखने में मदद कर सकता है।
महत्वपूर्ण बातें
जायफल की चाय का सेवन करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
जायफल की चाय का सेवन गर्भवती और शिशु को दूध पिलाने वाली महिलाओं के लिए सुरक्षित नहीं माना जाता है, इसलिए इन महिलाओं को इसका सेवन नहीं करना चाहिए।
इसके साथ ही अगर आपको जायफल से एलर्जी है तो भी इस चाय का सेवन करने से बचें।
इसके अतिरिक्त जायफल की चाय का सेवन करने से पहले अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।