लखनऊ के चौक क्षेत्र के ये 5 स्ट्रीट फूड उंगलियां चाटने पर कर देंगे मजबूर
क्या है खबर?
लखनऊ के चौक क्षेत्र को इसकी गलियों और स्ट्रीट फूड के लिए जाना जाता है। यहां आपको कई ऐसे स्टाल्स और दुकाने मिलेंगी, जहां आप स्वादिष्ट और लजीज स्ट्रीट फूड का आनंद ले सकते हैं। यहां के स्ट्रीट फूड न केवल स्वाद में बेहतरीन हैं, बल्कि इनमें स्थानीय संस्कृति और परंपरा की झलक भी मिलती है। आइए आज हम आपको चौक के 5 स्ट्रीट फूड के बारे में बताते हैं, जो आपको जरूर पसंद आएंगे।
#1
चाट
चाट लखनऊ के शाकाहारी भोजन में अहम स्थान रखती है। अगर आपको असली चाट का मजा लेना है तो शहद के चौक इलाके का ही रुख करना चाहिए। यहां आप आपको देसी घी में बनी हुई लजीज और करारी आलू टिक्की मिलेगी। साथ ही यहां के पानी के बताशे और पापड़ी चाट भी मुंह में पानी ला देंगे। अगर आपको आलू पसंद है तो आपको यहां मिलने वाले हरे तीखे आलू जरूर चखकर देखने चाहिए।
#2
लस्सी
चौक गए और यहां की मशहूर लस्सी का आनंद नहीं लिया तो आपकी यात्रा अधूरी ही रह जाएगी। लस्सी दही से बना एक ठंडा पेय है, जो ताजगी और ठंडक प्रदान करता है। चौक की दुकानों में आपको गाढ़ी और मेवों वाली लस्सी मिल जाएगी। यहां हर गिलास में लस्सी के साथ-साथ खोया, रबड़ी या मलाई जरूर डालकर दी जाती है। इनकी वजह से लस्सी ज्यादा मलाईदार और गाढ़ी हो जाती है।
#3
दही बड़ा
दही बड़ा एक पारंपरिक लखनवी स्ट्रीट फूड है, जिसमें उड़द की दाल के बड़े बनाए जाते हैं और उन्हें दही, मसाले और चटनी के साथ परोसा जाता है। इसका स्वाद बहुत ही खास है और इसे खाने से ताजगी महसूस होती है। दही बड़ा आपके खाने का स्वाद बढ़ाने के साथ-साथ पेट को भी भर देता है। यहां के दही बड़े का अपना ही अलग मजा है, जिसे आप एक बार जरूर आजमाना चाहेंगे।
#4
गलावट कबाब
चौक की गलियों में घूमते हुए एक सुगंध आपको आकर्षित करेगी, जो गलावट कबाब की होगी। इन्हें लखनऊ की शान माना जाता है और इनका स्वाद मन को मोह लेता है। यह कबाब इतना नरम और स्वादिष्ट होता है कि खाते ही मुंह में घुल जाता है। लखनऊ में टुंडे कबाब और दस्तरख्वान के गलावट कबाब सबसे मशहूर हैं। इस कबाब को शीरमाल, रुमाली रोटी या पराठे के साथ खाया जाता है।
#5
मक्खन मलाई
मक्खन मलाई एक मशहूर मीठा व्यंजन है, जो पुराने लखनऊ यानि चौक की गलियों में मिलता है। लखनऊ के नवाब मसूद अब्दुल्लाह के अनुसार, मक्खन मलाई को कई नामों से जाना जाता है। लखनऊ में इसे 'नमीश' कहकर पुकारा जाता है। 'नमीश' का मतलब है, जो पल भर में घुल जाए। यह चौक में मिलती है और इसे दूध और क्रीम के मिश्रण से बनाया जाता है। इसे खाने के बाद आपका दिल खुश हो जाएगा।