सिर चकराना हो सकता है खतरनाक, जानिए इसके 5 सामान्य कारण
क्या है खबर?
अगर आपको अचानक से सिर चकराने की समस्या का सामना करना पड़े तो इसे नजरअंदाज न करें क्योंकि यह समस्या कई गंभीर बीमारियों का संकेत हो सकती है। इसके कई कारण हो सकते हैं, जिनमें से कुछ गंभीर होते हैं, जबकि कुछ हल्के होते हैं। आइए आज हम आपको सिर चकराने के 5 सामान्य कारणों के बारे में बताते हैं, जिन्हें जानने के बाद आप इस समस्या का सही इलाज कर सकते हैं।
#1
कम खून का दबाव होना
अगर आपके खून का दबाव कम होगा तो इससे भी सिर चकराने की समस्या हो सकती है। आमतौर पर सुबह बिस्तर से उठते समय या बैठते समय यह समस्या हो सकती है। इसके अतिरिक्त अचानक से खड़े होने पर भी सिर तेज घूमने लगता है। ऐसा तब होता है जब दिमाग को खून पहुंचाने वाली नलिकाएं कमजोर हो जाती हैं। इससे दिमाग को ऑक्सीजन और जरूरी तत्व भी कम मिलते हैं।
#2
नींद की कमी
अगर आप पर्याप्त नींद नहीं ले पा रहे हैं तो इससे भी सिर चकराने की समस्या हो सकती है। दरअसल, नींद पूरी न होने से दिमाग को ठीक से काम करने में दिक्कत हो सकती है, जिससे सिर चकराना शुरू हो सकता है। इसके अलावा नींद की कमी से सिरदर्द, चिड़चिड़ापन, चक्कर आना और ध्यान केंद्रित करने में परेशानी जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। इससे बचने के लिए पर्याप्त आराम और नींद लेना जरूरी है।
#3
अधिक चिंता
चिंता एक ऐसी मानसिक समस्या है, जो सिर चकराने की समस्या का कारण बन सकती है। दरअसल, अधिक चिंता से शरीर में ऐसे रसायन का स्तर बढ़ जाता है, जिससे तंत्रिका तंत्र प्रभावित होता है। ऐसे में जब व्यक्ति चिंता में होता है तो उसे सिर चकराने की समस्या हो सकती है। इसलिए चिंता से दूर रहने की कोशिश करें और मानसिक शांति के लिए योग और ध्यान का सहारा लें।
#4
ज्यादा चाय-कॉफी का सेवन
ज्यादा चाय-कॉफी जैसी चीजों का सेवन करने से भी सिर चकराने की समस्या हो सकती है। ये चीजें तंत्रिका तंत्र को उत्तेजित करती हैं, जिससे सिरदर्द के साथ-साथ चक्कर आना या सिर चकराना जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए इनका सेवन सीमित मात्रा में ही करें। बेहतर होगा कि आप हर्बल चाय या ग्रीन टी जैसी चीजों को अपनी दिनचर्या में शामिल करें।
#5
शरीर में आयरन की कमी
शरीर में आयरन की कमी से खून की कमी हो सकती है। यह एक ऐसी स्थिति है, जिससे शरीर में लाल रक्त कोशिकाओं की कमी हो जाती है। इससे शरीर में ऑक्सीजन का प्रवाह कम हो जाता है, जिससे सिर चकराना शुरू हो सकता है। इसके अतिरिक्त आयरन की कमी से थकान, कमजोरी, सांस लेने में परेशानी और छाती में दर्द जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं।